ललितपुर। थाना कोतवाली के सिविल लाइन चौकी अंतर्गत पानी की टंकी के पास पुलिस ने एक युवक को एक किलो 150 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सिविल लाइन चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार कुरील ने थाना कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पांच दिसंबर दिन बृहस्पतिवार को रात 10.53 बजे सिविल क्षेत्र में पानी की टंकी के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान घुसयाना की ओर से एक व्यक्ति अपने हाथ में एक प्लास्टिक का झोला लिए आता दिखाई दिया, जो पुलिस वालों को देखकर अचानक पीछे मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। शक होने पर उसे रोका। लेकिन वह नहीं रुका और अधिक तेजी से भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे देशी शराब के ठेका के पास पकड़ लिया और उससे भागने का कारण पूछा, तो वह माफी मांगते हुए बताया कि उसके पास झोले में सूखा गांजा है। पूछताछ पर उसने अपना नाम शहर के मुहल्ला सरदारपुरा निवासी विवेक पटैरिया पुत्र लल्लूराम पटैरिया बताया। जांच में उसके पास झोले से करीब एक किलो 150 ग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ है। कोतवाली पुलिस ने चौकी इंचार्ज की तहरीर के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।