डोंगराखुर्द / ललितपुर। पर्यावरण संरक्षण-संवर्धन एवं कुपोषण से बचाव के लिए मड़ावरा ब्लाक के 25 गांवों में 51 हजार फलदार पौधों का बुंदेलखंड सेवा संस्थान द्वारा गरीब परिवारों, आदिवासी परिवारों एवं अन्य किसानों को वितरण कर उन्हें उद्यानीकरण करने के लिए प्रेरित करने की प्रभावी पहल की जा रही है। अनंत वात्सल्यमयी मां विंदेश्वरी धाम कुंडी आश्रम घाट में वृहद पौधरोपण किया गया। विभिन्न स्थानों में पौध वितरण में लोगों को आंवला, अमरूद, सहजन, नींबू, शीताफल आदि फलदार पौधों का वितरण किया गया।
पौध वितरण करते हुए अनंत वात्सल्यमयी मां विन्धेश्वरी धाम कुंडी आश्रम घाट के तपस्वी स्वामी जी महाराज ने आशीष वचन प्रदान करते हुए कहा कि पर्यावरण को संरक्षण संवर्धन प्रदान करने हेतु पौधरोपण करना बहुत जरूरी है। पेड़ पौधों से हमें नि:शुल्क प्राण वायु मिलती है। सुखद जीवन के लिए हमें अपने चारों ओर हराभरा वातावरण बनाना होगा। पेड़ पौधे हमारे जीवन के आधार हैं। इन्हें लगाएं और बचाएं साथ ही इनसे जीवन भर लाभ कमायें। बुंदेलखंड सेवा संस्थान द्वारा आयोजित फलदार पौधरोपण अभियान में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पंडित श्रीराम पटेरिया, हरी राम मिश्र सोरई द्वारा कुड़ीघाट, बनयाना, नाराहट क्षेत्र में ग्रामीणों को फलदार पौध वितरण किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बड़गाना जाहर सिंह, ग्राम प्रधान बनयाना प्रधान तुलसीराम, राहुल राजा बछरावनी, रोशन सिंह, अजय प्रताप सिंह, हरिनंदन वैद्य आदि उपस्थित रहे।