Lakhimpur Kheri: लूट के दो आरोपी गिरफ्तार, नकदी-जेवर बरामद; दोनों पर गैंगस्टर समेत कई मुकदमे हैं दर्ज
पुलिस और स्वॉट टीम ने लूट के दो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार करने और लूटा गया जेवर तथा नकदी बरामद करने का दावा किया है। तीसरा आरोपी भाग गया। जो दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, उनमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में उचौलिया थाना पुलिस और स्वॉट टीम ने एक माह पहले छोलावारी के पास हुई लूट के दो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से लूटा गया जेवर तथा नकदी बरामद करने का दावा किया है। तीसरा आरोपी पुलिस के सामने से भाग गया। जो दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, उनमें थाना पिहानी क्षेत्र के कुंवरपुर निवासी अरमान गोली से घायल हुआ है। दूसरे बदमाश का नाम मंगू उर्फ राजेश है, जो गांव रहीमापुर उचौलिया को रहने वाला है।
जिला हरदोई के हरियावां थाना क्षेत्र के गांव उमरसेड़ा निवासी मुनीष 11 अक्तूबर को बाइक से अपनी भाभी और तीन साल की भतीजी को लेकर अपने ननिहाल उचौलिया क्षेत्र के गांव छोलाबारी आ रहे थे। अपराह्न 12:30 बजे नहर पटरी पर एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर मुनीष को रोक लिया। सरिया से हमला कर उनसे करीब तीन हजार रुपये और भाभी नसरीन से कान के झाले, बाली और गले से पेंडल और पर्स छीन लिया। पर्स में एक मोबाइल और करीब दो हजार रुपये रखे थे। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी।
यह भी पढ़ें- UP News: बरेली बवाल का एक भी दोषी बचने न पाए, सीएम योगी ने डीएम-एसएसपी को दिए निर्देश
अरमान के पैर में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक रविवार की रात करीब 11:50 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग से 200 मीटर दूर सेंडा मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने घेराबंदी देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश अरमान निवासी कुंवरपुर थाना पिहानी के बायें पैर में गोली लगी।
पुलिस ने अरमान और दूसरे बदमाश मंगू उर्फ राजेश निवासी गांव रहीमापुर थाना उचौलिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर भाग गया। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के पास से पुलिस ने दो तमंचा, दो कारतूस और दो खोखा के साथ 23 सौ रुपये, कान की एक बाली और झाले का टुकड़ा बरामद किया है। एक बाइक भी बरामद की है।
आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त अरमान पर थाना पसगवां में पॉक्सो, एससी-एसटी और गैंगस्टर एक्ट समेत छह मुकदमे दर्ज हैं। मंगू उर्फ राजेश पर थाना पसगवां, थाना उचौलिया और लखनऊ के गुडंबा थाने में गैंगस्टर एक्ट समेत दर्ज छह मुकदमों सहित कुल नौ मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.