Tiger Attack: लखीमपुर खीरी में पत्नी के सामने पति को दबोच ले गया बाघ, सुबह खेत में मिली लाश
औधनिया गांव निवासी शिवकुमार अपनी पत्नी के साथ घास काटने गया था। इसी दौरान उस पर बाघ ने हमला कर दिया। यह देख पत्नी चिल्लाने लगी। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक बाघ शिवकुमार को खींच ले गया।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के तिकुनिया क्षेत्र में ग्रामीण को मंझरा पूरब में बाघ ने हमला कर मार डाला। ग्रामीण का शव शुक्रवार सुबह एक खेत में मिला। गुस्साए लोगों ने गजियापुर में शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मांग थी कि बाघ को तत्काल पकड़ा जाए। जंगल और आबादी के बीच फेंसिंग कराई जाए। वन विभाग और तहसील के अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने शव पोस्टमार्टम के लिए सौंपा।
ग्रामीणों के मुताबिक औधनिया गांव निवासी 45 वर्षीय शिवकुमार और उसकी पत्नी बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे गन्ने के खेत में घास काटने गए थे। इसी दौरान खेत में छिपे बाघ ने शिवकुमार पर हमला कर दिया और उसे खींच कर ले गया। शिव कुमार पर बाघ के हमले को देख उसकी पत्नी चिल्लाने लगी। इसके चलते अन्य ग्रामीण खेत की ओर दौड़े। पत्नी ने बताया कि बाघ शिवकुमार को खींच ले गया। ग्रामीण शिवकुमार की खोज करने लगे।
बाघ ने गले पर किया था हमला
अंधेरा होने के कारण लोगों ने जान जोखिम में डालने की बजाय सुबह खोजने का निर्णय किया। शुक्रवार को परिजनों सहित ग्रामीणों ने शिवकुमार की तलाश शुरू की। सुबह करीब पांच बजे शिवकुमार का शव गन्ने के खेत में ही मिल गया। बाघ ने शिव कुमार के गले पर हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई लेकिन बाघ उसे खा नहीं पाया।
इस घटना से ग्रामीणों में रोष फैल गया। उन्होंने गजियापुर ढखेरवा रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस बीच सूचना पाकर दुधवा टाइगर रिजर्व बफर जोन के उपनिदेशक सुंदरेश, एसडीएम राजेश कुमार, तहसीलदार भीमचंद्र, सीओ सुबोध जयसवाल, उत्तर निघासन वन रेंज बेलराया के रेंजर बलवंत बहादुर सिंह तिकुनिया कोतवाली पुलिस और पढ़ुहा चौकी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने कीं ये मांगें
ग्रामीणों ने मांग की कि इंसानों पर हमला करने वाले बाघ को तत्काल पकड़ा जाए। जंगल और आबादी क्षेत्र के बीच फेंसिंग लगवाई जाए, ताकि बाघ आदि हिंसक वन्यजीव आबादी क्षेत्र की ओर न आ सकें। मृतक के परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी दी जाए, लड़की की शादी कराई जाए और आवास दिया जाए। अधिकारियों के समझाने और आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने दोपहर करीब 2:30 बजे शिवकुमार का शव पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंपा।