बांकेगंज। किशनपुर सेंक्चुरी के मड़हा सेक्शन में डेरा डाले नेपाली हाथी सोमवार रात जंगल से निकलकर पहाड़नगर गांव आबादी से सटे खेतों में पहुंचे। जहां इन हाथियों ने दो किसानों के खेतों में घुसकर गन्ना की फसल बर्बाद कर दी।
हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने शोर मचाकर, ढोल बजाकर किसी तरह इन्हें खदेड़ा। इसके बाद हाथी नकुला होते हुए फिर मड़हा की ओर चले गए। उधर, इसी रेंज की सुल्तानपुर बीट से सटे पिपरा गांव के खेतों में पहुंचे हाथियों के दूसरे झुंड ने श्रीपाल, रजनीश, राजीव और गरंत की गन्ना व मटर की फसल रौद डाली। मंगलवार की सुबह मौके पर पहुंचे फॉरेस्टर अखिलेश सिंह और राजाराम तिवारी ने फसली नुकसान का सर्वे किया। निगरानी टीमों के मुताबिक, मंगलवार की सुबह हाथियों की लोकेशन मड़हा में मिली है। संवाद