Lakhimpur Kheri News: शराब पीने के शक में पत्नी की गला काटकर हत्या, वारदात के बाद आरोपी पति फरार
निघासन क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उसके शक था कि पत्नी शराब पीती है। इसी शक में उसने जान ले ली। इसके बाद फरार हो गया।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के निघासन क्षेत्र के जुम्मनपुरवा गांव में शराब पीने के शक में पति ने पत्नी की खुरपी से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी पति की तलाश की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा।
झंडी रिपोर्टिंग पुलिस चौकी के गांव जुम्मन पुरवा निवासी गुड्डू ने बताया कि वह तीन भाई है। छोटा भाई मनोज घर पर था। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अपने भाई छोटू, मां रामकली (55) पिता रामकुमार के साथ खेत में लगी मिर्ची तोड़ने गए थे।
पहले की पिटाई, फिर काटा गला
मिर्ची तोड़ने के बाद रामकुमार ने अपने दोनों बेटों को मिर्ची लेकर घर भेज दिया। रामकुमार ने रामकली को मिर्ची की निराई करने के बहाने रोक लिया। उसके बाद उसकी जमकर लात घूसों से पिटाई की। खुरपी से उसका गला काट डाला।
इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिवार के लोगों ने आकर देखा तो रामकली खून से लथपथ थी और उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
15 दिनों से रामकुमार का दिमागी संतुलन नहीं था ठीक
बताया जाता है कि रामकुमार का दिमागी संतुलन करीब 15 दिनों से खराब था। परिजनों ने भूत प्रेत का साया समझकर कई लोगों से झाड़ फूंक भी कराया था। वह आए दिन रामकली और परिवार के लोगों से झगड़ता रहता था।
परिजनों के मुताबिक उसके शक था कि रामकली शराब पीती है। बहकी बहकी बातें भी करता था। उधर, आरोपी रामकुमार की तलाश में पुलिस ने गांव के अलावा अदलाबाद के जंगलों में काबिंग की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा।
सीओ निघासन राजेश कुमार ने बताया कि महिला की हत्या के मामले में मृतका के पुत्र गुड्डू की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।