World Elephant Day: दुधवा टाइगर रिजर्व में हाथियों का हुआ श्रृंगार और मिली दावत, मैराथन रेस में दौड़े गजराज
विश्व हाथी दिवस पर दुधवा नेशनल पार्क के दक्षिण सोनारीपुर स्थित हाथियों के बेस कैंप सलूकापुर में हाथियों के लिए शानदार दावत का इंतजाम किया गया। दुधवा के अधिकारियों ने हाथियों के लिए पसंदीदा फल, सब्जियां परोसीं।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के दुधवा टाइगर रिजर्व में शुक्रवार को विश्व हाथी दिवस समारोह के अंदाज में मनाया गया। दुधवा नेशनल पार्क के दक्षिण सोनारीपुर स्थित हाथियों के बेस कैंप सलूकापुर में हाथियों के लिए शानदार दावत का इंतजाम किया गया। दुधवा के अधिकारियों ने हाथियों के लिए पसंदीदा फल, सब्जियां परोसीं।
इससे पहले दुधवा के महावतों ने पालतू हाथियों को हौज में भरे ठंडे पानी से नहलाकर उनका श्रृंगार किया। इस मौके पर दुधवा नेशनल पार्क के पशु चिकित्सक डॉ. दया शंकर ने हाथियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। पेट के कीड़ों के लिए उन्हें दवाइयां दी और जरूरी वैक्सीनेशन किया। बारिश के मौसम में पालतू हाथियों को बैक्टीरियल इंफेक्शन से बचाने के लिए एहतियाती दवाइयां भी दी गईं। अधिकारियों, कर्मचारियों और महावतों ने हाथियों को दुलार-प्यार भी किया। हाथियों को गन्ना, गुण, सेब, लौकी, कद्दू,अन्नास, तरबूज, केला, खीरा, गुड़ आदि खिलाया गया।
मैराथन दौड़ में दुधवा तक दौड़े हाथी
हाथी दिवस पर दुधवा में हाथियों की मैराथन दौड़ का भी आयोजन किया गया। जिसमें बांकेताल से लेकर दुधवा तक हाथियों की मैराथन दौड़ हुई। इसमें हाथियों को बांकेताल ले जाकर वहां से दौड़ का शुभारंभ हुआ। करीब आठ किलोमीटर की दूरी हाथियों ने दौड़ कर तय की। हाथियों की दौड़ में उनके महावत भी शामिल रहे।