लखीमपुर में हाथियों का आतंक: फसलों की रखवाली कर रहे किसानों पर किया हमला, एक का पैर टूटा; चार घायल
निघासन क्षेत्र की बेलरायां रेंज में बृहस्पतिवार रात आतंक मचा दिया। खेतों पर फसल की रखवाली कर रहे किसानों पर हाथियों ने हमला कर दिया। एक किसान को उठाकर पटक दिया, उसका पैर टूट गया। हमले में तीन अन्य किसान भी घायल हुए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के निघासन क्षेत्र की बेलरायां रेंज में फसलों की रखवाली कर रहे किसानों पर जंगल से निकले हाथियों ने हमला कर दिया। जान बचाकर भागते समय तीन ग्रामीण गिरकर घायल हो गए। इनमें से किसान रामपाल को हाथी ने उठाकर पटक दिया और उसके पैर पर पैर रख दिया। इससे उसका पैर टूट गया।
परिजनों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। रामपाल की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंजर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए वन विभाग की टीम को रवाना कर दिया।
ये भी पढ़ें- कथा के मंच पर डांस: ठुमके लगा रही थीं महिला डांसर, तभी पहुंच गए दरोगा; फिर हुआ कुछ ऐसा... वीडियो वायरल
पूर्व प्रधान ध्रुव वर्मा ने बताया कि खेतों की रखवाली कर रहे लोगों ने भुलनपर गांव के किनारे मंदिर के पास धान और गन्ने के खेतों में रात दो बजे हाथियों के होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण लाठी-डंडा, पटाखा और आग जलाने के लिए फूस वगैरह लेकर मंदिर के पास पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख हाथी चिंघाड़ने लगे। हाथियों के चिंघाड़ने पर ग्रामीणों ने आग जलाई और पटाखे दगाए।
पटाखों की आवाज सुन भड़के हाथी
पटाखे की आवाज सुनते ही हाथी भड़क गए और ग्रामीणों पर हमलावर हो गए। हाथियों से बचने के लिए ग्रामीण गांव की तरफ भागे लेकिन हाथियों ने रामपाल वर्मा को उठाकर पटक दिया और उसके पैर पर पैर रख दिया। इससे रामपाल का पैर टूट गया। वहीं कौशल उर्फ़ गोचली, अंकुर वर्मा, सर्वेश को भी काफी चोटें आईं। ग्रामीणों के और शोर मचाने और पटाखे दगाने पर जंगली हाथी जंगल की तरफ चले गए।
हाथियों के जाने के बाद ग्रामीण घायलों को उठाकर निघासन सीएचसी ले गए। जहां से रामपाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जबकि कौशल, अंकुर वर्मा और सर्वेश का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। हाथियों के हमले में ग्रामीणों के घायल होने से ग्रामीणों में रोष है। उत्तर निघासन रेंजर भूपेंद सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम को मौके की जांच के लिए भेजा गया है। घायलों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता राशि विभाग से दिलाई जाएगी। फसलों के नुकसान का मुआवजा भी दिलाया जाएगा।