दुधवा में हथिनी की मौत: शावक के मरने के गम में छोड़ दिया था खाना-पीना; एक ही जगह पर भटकती रही थी
हथिनी ने 12 अप्रैल की रात एक शावक को जन्म दिया था। बच्चे के जन्म लेते ही उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद से हथिनी ने खाना पीना छोड़ दिया था। बुधवार को उसका शव दक्षिण सोनारीपुर रेंज में मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के दुधवा टाइगर रिजर्व के दक्षिण सोनारीपुर रेंज में एक हथिनी का शव मिला है। इस जंगली हथिनी के नवजात शिशु की पिछले दिनों मौत हो गई थी। वनाधिकारियों के मुताबिक, नवजात शिशु की मौत होने के बाद से यह हथिनी उस जगह से न तो हट रही थी न कुछ खा पी रही थी। लगातार इस हथिनी की मॉनिटरिंग की जा रही थी।
मॉनिटरिंग कर रही वनकर्मियों की टीम ने दक्षिण सोनारीपुर रेंज के एसडी सिंह रोड पर बुधवार सुबह हथिनी का शव पड़ा देखा। रेंजर ने तत्काल सूचना अपने उच्चाधिकारियों को दी। हथिनी की मौत की सूचना मिलते ही दुधवा नेशनल पार्क के उपनिदेशक डॉ. रंगाराजू टी. डाक्टरों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डॉक्टरों ने परीक्षण करने के बाद बताया कि हथिनी की उम्र करीब 25-30 साल थी।
हथिनी ने 12 अप्रैल को दिया था बच्चे को जन्म
मॉनिटरिंग टीम में शामिल वनकर्मियों ने बताया कि हथिनी ने 12 अप्रैल की रात एक शावक को जन्म दिया था। बच्चे के जन्म लेते ही उसकी मौत हो गई थी। हथिनी के बच्चे का शव 13 अप्रैल को बरामद हुआ था। बच्चे की मौत से हथिनी इतनी दुखी थी कि उसने खाना-पीना तक छोड़ दिया था। जहां बच्चे को जन्म दिया था उसी स्थान पर यह हथिनी चक्कर लगा रही थी।
दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर बी. प्रभाकर ने बताया कि डॉक्टरों के पैनल से हथिनी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मूत्र एवं जननांग में संक्रमण होने से हथिनी की मौत होने की पुष्टि हुई है।
40 दिन के अंदर तीन हाथियों की मौत
दुधवा नेशनल पार्क में 40 दिन के अंदर तीन जंगली हाथियों की मौत हुई है। पिछले माह आठ मार्च को दुधवा टाइगर रिजर्व बफर जोन के संपूर्णानगर रेंज की बम्हनपुर के एक वेटलैंड के दलदल में फंसकर हाथी के नर शावक की मौत हो गई थी। शावक को दो दिन तक दलदल से निकालने की कोशिश की गई लेकिन कामयाबी नहीं मिल पाई। आखिर उसकी मौत हो गई।
छह दिन पहले 13 अप्रैल को दक्षिण सोनारीपुर रेंज में हाथी के एक नर नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। 19 अप्रैल को वयस्क हथिनी की मौत हुई है। तीन हाथियों की मौत से दुधवा टाइगर रिजर्व प्रशासन सकते में है।