लखीमपुर खीरी: सपा के पूर्व विधायक समेत नौ लोगों पर रिपोर्ट, एमएलसी चुनाव में हुए हंगामे के मामले में कार्रवाई
लखीमपुर खीरी जिले में स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान मितौली ब्लॉक के सामने हंगामा और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने नौ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें पूर्व सपा विधायक सुनील कुमार लाला और उनके भाई रामखेलावन उर्फ छोटे भी नामजद हैं।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के मितौली ब्लॉक के सामने शुक्रवार को स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान हंगामा, गाली-गलौज और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें पूर्व सपा विधायक सुनील कुमार लाला और उनके भाई पूर्व ब्लाक प्रमुख रामखेलावन उर्फ छोटे समेत नौ लोगों को नामजद किया गया है। मामले में चुरईपुरवा निवासी अमर अली ने पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदान वाले दिन मितौली ब्लॉक में सपा और भाजपा के लोग आमने-सामने आ गए थे और जमकर हंगामा हुआ था। सपा के लोगों ने मितौली के भाजपा विधायक सौरभ सिंह सोनू और उनके पिता पूर्व सांसद जुगल किशोर पर मतदान केंद्र में घुसने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। इसी मामले में भाजपा विधायक के गांव चुरईपूरवा के निवासी अमर अली ने एफआईआर दर्ज कराई है।
इन लोगों को किया गया नामजद
अमर अली की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे मितौली ब्लॉक के सामने मुख्य मार्ग पर कुछ लोगों ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। अमर अली की शिकायत पर पुलिस ने कस्ता के पूर्व सपा विधायक सुनील भार्गव उर्फ लाला, उनके भाई मितौली के पूर्व ब्लॉक प्रमुख राम खेलवन उर्फ छोटे के अलावा विभु बाजपेयी, रजनीश श्रीवास्तव, धर्मपाल राज, सोनू, शैलेश, मुदीत और रमेश प्रधान को नामजद किया है।
सीओ यादवेंद्र यादव ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 190, 191(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक असित कुमार यादव को सौंपी गई है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है।