ट्रेन हादसे पर बोले अखिलेश: ओडिशा में भिड़ गए ट्रिपल इंजन, कितनों की जान गई, सरकार के पास आंकड़ा नहीं
Akhilesh Yadav News: लखीमपुर खीरी में अखिलेश यादव ने सपा के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को निशाने पर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है। लखीमपुर खीरी में सपा मुखिया ने मंगलवार को लोक जागरण यात्रा के साथ इसका आगाज किया। इससे पहले उन्होंने पार्टी के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को निशाने पर लिया।
बालासोर ट्रेन हादसे पर अखिलेश यादव ने कहा कि ओडिशा में ट्रिपल इंजन भिड़ गए। इस भयावह हादसे में न जाने कितने लोगों की जान गई। सरकार के पास आंकड़ा नहीं है। कन्नौज की घटना पर कहा कि भाजपा के सांसद अपने गुंडों को लेकर थाने में गए और पुलिस की पिटाई की। बुलडोजर खड़ा मिलता तो शायद बुलडोजर के पीछे खड़ी होकर पुलिस बच जाती। क्या आप कल्पना कर सकते हो कि किसी सांसद का पता पुलिस को पता हो। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है, तब सबसे अधिक हिरासत में मौतें हुई हैं।
किसानों के मुद्दे पर सरकार से पूछा सवाल
किसानों के मुद्दे पर अखिलेश ने कहा कि जिन कंपनियों के लिए काले कानून लाए गए थे, उन्हीं कंपनियों ने आपका पूरा गेहूं खरीद लिया। अगर सरकार ईमानदार है तो बताए कि सरकार ने कितना गेहूं खरीदा, कोई आंकड़ा है। निजीकरण जितना बढ़ाया जाएगा तो हमारे आपके अधिकार छीन जाएंगे। भाजपा के लोग झूठा प्रचार कर रहे हैं। बिना आंकड़ों के भाजपा सबका साथ सबका विकास का दावा कर रही है।
जातीय जनगणना का मुद्दा उठाया
अखिलेश यादव ने जातीय जनगणना का मुद्दा उठाया। कहा कि सपा सबको बताएगी कि जब तक जातीय जनगणना नहीं होगी, तब तक कुछ नहीं हो सकता। बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव जातिगत जनगणना और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर लोक जागरण यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने यात्रा की शुरुआत लखीमपुर खीरी से की है।
दुधवा में किया रात्रि विश्राम
अखिलेश यादव सोमवार को लखीमपुर आ गए थे। पहले दिन सपा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की नब्ज टटोली। दुधवा में रात्रि विश्राम किया। अखिलेश कहा कि बिली अर्जन सिंह (दुधवा) नेशनल पार्क में 1700 रुपये की सफ़ारी 6000 रुपये की हो जाने से पर्यटक नहीं आ रहे हैं। लगता है यहां की बदइंतजामी व चोरी-छिपे पेड़ों की कटाई छिपाने के लिए भाजपा सरकार चाहती ही नहीं है कि पर्यटक यहां आएं। यहां गाइड बेरोजगार हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में बस सांड़ के दर्शन फ्री है।