निघासन। दोस्तों के साथ सरयू नदी के टेढ़ी घाट पर अमावस्या का मेला देखने गया बम्हनपुर निवासी एक किशोर नदी में डूब गया। गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन उसका पता नहीं लगा सके हैं। सूचना पर पहुंचे सीओ ने परिवार वालों को ढांढस बंधाते हुए गोताखोरों को तलाशने के लिए लगाया।
कस्बा बम्हनपुर निवासी मुनेश ने बताया कि बौधिया खुर्द से तीन किलोमीटर दूर सरयू नदी के किनारे जंगल में अमावस्या का मेला बीते सोमवार को लगा था। कुछ दुकानदार मंगलवार को भी अपनी दुकानें लगाए थे। मुनेश का 14 वर्षीय बेटा सचिन अपने हमउम्र दोस्तों अंशू, लकी और नन्हूं के साथ साइकिल से मेला देखने के लिए गया था। कुछ देर बाद वह सब सरयू नदी में नहाने लगे। दो दोस्त नदी के अंदर पहुंच गए, दो किनारे पर स्नान करने लगे। नदी में बाढ़ होने के कारण सचिन उसमें बहने लगा। उसे डूबता हुआ देखकर अन्य साथियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। वहां पर मौजूद लोगों ने सचिन के तलाश में नदी में छलांग लगा दी, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। मुनेश ने बताया कि सभी बच्चे बिना बताए ही चुपके से आए थे। सूचना पर पहुंचे सीओ एसके जायसवाल ने गोताखोरों को लगाया है, लेकिन सचिन का कहीं पता नहीं चल सका है। सचिन का सुराग न लगने से परिवार वाले परेशान हैं। संवाद