कुशीनगर के धर्मसमधा में झोपड़ी में लगी आग, जिंदा जल गई बच्ची
रामकोला (कुशीनगर)। धर्मसमधा गांव में मंगलवार की रात 11 बजे फूस की झोपड़ी में सो रही महिला दो बच्चों को तो लेकर बाहर निकल गई, लेकिन आग की चपेट में आने से छह साल की बच्ची जिंदा जल गई। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने अथक प्रयास किया लेकिन वे भी बच्ची को नहीं बचा सके। आग से झोपड़ी में रखा सामान भी राख हो गया। घटना की जानकारी होने पर कप्तानगंज एसडीएम व रामकोला एसओ मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने परिवार को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया।
धर्मसमधा गांव का संतोष, पत्नी सरोज देवी व चार बच्चों अंकिता (10) अन्नू (8), रिया (6) और विक्की (डेढ़ वर्ष) के साथ फूस की झोपड़ी में रहता है। घटना के समय वह घर पर नहीं था। मंगलवार को दूसरी पुत्री अन्नू (8) ननिहाल चली गई थी। रात में सरोज देवी बड़ी बेटी अंकिता (10), तीसरी बेटी रिया (6) और डेढ़ वर्ष के बेटे विक्की के साथ झोपड़ी में सो रही थी। इसी बीच रात 11 बजे अचानक झोपड़ी में आग लग गई। सरोज ने डेढ़ वर्षीय बेटे विक्की व बड़ी बेटी अंकिता को तो किसी तरह से बाहर निकाल लिया, लेकिन छह वर्षीय रिया अंदर ही रह गई। चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण जुटते, आग विकराल हो चुकी थी। मौके पर पहुंचे एसडीएम अरविंद कुमार ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए आर्थिक सहायता के अलावा परिवार को प्रधानमंत्री आवास मुहैया कराने का भरोसा दिया। हियुवा नेता फूलबदन कुशवाहा व सामाजिक कार्यकर्ता हरिलाल कुशवाहा आदि ने भी हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।