पडरौना। शहर के बीच से गुजरी बड़ी गंडक नदी पुल से शनिवार को सुबह एक युवती ने छलांग लगा दी। यह देख राहगीरों ने शोर मचाया और बचाव के लिए तीन युवक भी गंडक नदी में कूद गए, लेकिन पानी अधिक होने से युवती का पता नहीं चला। पुलिस ने गंडक की पानी रोकवाने के लिए गंडक विभाग के अधिकारियों से बात की। सूचना पर शाम को एसडीआरएफ की टीम पहुंची और करीब एक घंटे तक तलाश की, लेकिन युवती का पता नहीं चल सका। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पडरौना शहर के एक मॉल के पास गंडक नदी पुल से अचानक दिन में करीब 11 बजे युवती कूद गई। राहगीरों का शोर सुनकर बचाव के लिए तीन युवक नदी में कूद गए, लेकिन पानी का बहाव तेज होने से युवती का पता नहीं चल सका। सूचना पर पडरौना कोतवाली पुलिस पहुंची और उसकी पहचान के लिए प्रयास किया, लेकिन पता नहीं चल सका। पुलिस ने गंडक विभाग के अधिकारियों से बैराज से पानी रोकवाने के लिए बात की। शाम करीब चार बजे एसडीआरएफ की टीम पहुंची। पडरौना से सिधुआ बाजार तक गंडक नदी में लापता हुई युवती की तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका। कोतवाल हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि महिला गंडक नदी में कूदी है, उसकी पहचान नहीं हो सकी है, उसकी तलाश कराई जा रही है।