Corona in Kushinagar: सुकरौली पीएचसी के डॉक्टर सहित कुशीनगर में 40 नए संक्रमित मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुशीनगर जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। मंगलवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में एक डॉक्टर सहित 15 और लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा एंटीजन टेस्ट में भी 25 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इनमें से गंभीर लक्षण वालों को लक्ष्मीपुर एलवन अस्पताल भेजा गया है जबकि अन्य लोगों को घर में ही आइसोलेट किया गया है। जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 558 हो गई है, जिनमें से 194 एक्टिव केस हैं। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है।
अब कोरोना की जांच के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के अलावा जिले में एंटीजन टेस्ट भी शुरू हो गया है। इससे लोगों को जल्दी रिपोर्ट मिलने लगी है। मंगलवार की शाम तक आई सैंपल रिपोर्ट में सुकरौली पीएचसी के एक डॉक्टर भी पॉजिटिव पाए गए हैं। डॉक्टर के संक्रमित मिलने से हड़कंप मचा हुआ है।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को बीआरडी मेडिकल कालेज से 436 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 421 निगेटिव और 15 पॉजिटिव हैं। संक्रमित मरीजों में पडरौना क्षेत्र के एक, सेवरही क्षेत्र के छह, कसया क्षेत्र के पांच तथा विशुनपुरा, फाजिलनगर व मोतीचक क्षेत्र से एक-एक मरीज हैं। इन्हें लेकर संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 533 हो गई है। एक्टिव पॉजिटिव केस 169 हैं। मंगलवार को 275 नए संदिग्ध व्यक्तियों का सैंपल लिया गया।
इसके अलावा 469 लोगों के एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट भी मिले है। इसमें 25 लोग संक्रमित पाए गए जबकि 444 लोग निगेटिव मिले। इस तरह मंगलवार को जिले में कुल 905 लोगों की रिपोर्ट आई जिनमें से 40 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जबकि 865 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव रही है। जिले में अब तक 10 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है, जबकि 354 लोग इलाज के बाद स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं।
डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने जिले में मंगलवार की शाम तक 117 कंटेनमेंट एरिया घोषित हैं जहां आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। संक्रमण तेजी से फैल रहा है इसलिए लोग बेवजह घर से न निकलें। अगर बहुत जरूरी हो तो मास्क पहनकर ही बाहर निकलें और सैनिटाइजर व सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल जरूर रखें। एसपी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि जन जागरूकता के लिए सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया जा रहा है। बिना मास्क पहने बाहर निकलने वालों से जुर्माना भी वसूला जा रहा है।