पडरौना। उदित नारायण इंटर कॉलेज के परिसर में एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में शनिवार को कैडे्टस ने राइफल खोलने, जोड़ने व साफ-सफाई का तरीका सीखा और फायरिंग रेंज पर फायर भी कराया गया। इस दौरान उन्हें सुबह योगाभ्यास कराया गया। शनिवार की सुबह कर्नल अनिल कुमार मिश्र की देखरेख में एनसीसी कैडेट्स ने वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में सुबह पीटी ड्रील किया। इसके बाद उन्हें 2.2 राइफल के बारे में जानकारी दी गई। कर्नल ने राइफल को खोलने, जोड़ने के अलावा साफ-सफाई के बारे में तरीका बताया। मेजर जगमोहन तिवारी ने कैडेट्स के व्यक्तित्व के विकास पर प्रकाश डाला। कैप्टन अयोध्यानाथ त्रिपाठी ने सेना और प्राइवेट सेक्टर में जाने के लिए प्रोत्साहित किया। लेफ्टिनेंट ओमप्रकाश ने स्वास्थ्य व शिक्षा पर अपना विचार व्यक्त किया तथा अवधेश पांडेय ने एनसीसी के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान मेजर एमपी सिंह, सत्येंद्र दूबे, अशोक कुमार, प्रमोद सिंह, महादेव, राजेंद्र सिंह, मस्तान सिंह, रणजीत सिंह आदि मौजूद रहे।