Kaushambi : कौशाम्बी में डाकिया की बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या, देर रात हुई वारदात
डाकिया की बेटी का दुष्कर्म के बाद धारदार हथियार से हत्या। पश्चिम शरीरा कोतवाली क्षेत्र के कोल्हुआ बैरमपुर गांव में बीती रात हुई हत्या।
विस्तार
कोतवाली क्षेत्र में रविवार की रात दूसरी मंजिल के कमरे में सो रही डाककर्मी की बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद वारदात को अंजाम दिया गया है। सूचना पर एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने एएसपी राजेश कुमार सिंह व कई थानों की फोर्स के साथ माैका मुआयना किया। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। मामले में पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, डाककर्मी की ओर से गांव में ही दूसरे मकान का निर्माण कराया जा रहा है। ऐसे में रविवार की रात खाना खाने के बाद वह निर्माणाधीन मकान में पत्नी के साथ सोने चले गए, जबकि 25 वर्षीय बेटी पुराने घर में दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सोने के लिए चली गई। पिता ने बताया कि सोमवार सुबह पुराने घर पहुंचकर उन्होंने बेटी को आवाज लगाई, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसी के घर की छत फांदकर जब वह बेटी के कमरे में पहुंचे तो वहां खून से लथपथ उसका शव पड़ा था। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अर्द्धनग्न अवस्था में चारपाई पर पड़ी युवती के गले और दोनों हाथ की हथेलियों को हंसिया से रेतकर हत्या की गई थी। कमरे में हंसिया भी मिली, जिसमें खून लगा था। सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की हालत देखकर दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि कातिल कौन हैं, इस बारे में परिजन कुछ नहीं बता पा रहे हैं।
सीओ कौशाम्बी अभिषेक सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। माैके से तमाम साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। संदेह के दायरे में आए कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
कातिल कौन? सिरफिरा प्रेमी या जानी दुश्मन
पश्चिमशरीरा में धारदार हथियार से की गई युवती की हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस उलझी हुई है। प्रेम प्रसंग से लेकर जमीनी विवाद व युवती की विद्यार्थी जीवन में कोई छीटाकशी जैसे कई पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है। वहीं, एसपी ने पुलिस की जांच टीमें गठित कर घटना का शीघ्र खुुलासा किए जाने के निर्देश दिए हैं।
युवती की हत्या के बाद घटनास्थल से मिले मोबाइल की कॉल डिटेल पुलिस ने चेक किया तो पता चला कि मृतका के बहन के देवर के कई मिस्ड कॉल रात के समय पड़े हुए हैं। सोमवार सुबह जानकारी होने पर युवक घटनास्थल पर पहुंचा भी था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। यही नहीं, मृतका के पिता से गांव के एक व्यक्ति से लंबे समय से जमीनी विवाद भी चला आ रहा है। पुलिस उस बिंदु पर भी जांच कर रही है।
इसके अलावा युवती जब कॉलेज पढ़ाई करने जाती थी, तो किसी ने उसके साथ कभी कोई बदसलूकी की या फिर बुरी नीयत रखता था, ऐसे बिंदु पर भी पुलिस निगाह तिरछी है। पुलिस अधीक्षक बृृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। सीओ, एसओजी, सर्विलांस सहित कुल चार टीमों को जांच के निर्देश दिए गए हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.