केशव प्रसाद बोले : सपा-कांग्रेस ने बाबा साहेब के सिद्धांतों को दबाया, बसपा ने वोट के लिए किया इस्तेमाल
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और सपा ने हमेशा बाबा साहब के सिद्धांतों को दबाने का काम किया। बसपा केवल उनके नाम पर वोट मांगती है, लेकिन उनके आदर्शों पर चलने का काम नहीं करती।
विस्तार
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और सपा ने हमेशा बाबा साहब के सिद्धांतों को दबाने का काम किया। बसपा केवल उनके नाम पर वोट मांगती है, लेकिन उनके आदर्शों पर चलने का काम नहीं करती। कांग्रेस की सरकार में बाबा साहब को इस्तीफा देना पड़ा और सपा सरकार ने कन्नौज में अंबेडकर के नाम से बने मेडिकल कॉलेज का नाम बदलकर उनका अपमान किया। केशव प्रसाद सोमवार को भरवारी में नगर पालिका के नए कार्यालय का उद्घाटन और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद बोल रहे थे।
डिप्टी सीएम केशव ने कहा कि डॉ. बीआर आंबेडकर की जन्म जयंती एक ऐसी तिथि है जो इस देश के गरीब और पिछड़ों के लिए त्योहार से भी बढ़कर है। बाबा साहब आंबेडकर ने सभी को कहा है कि शिक्षित और संगठित बनो। अपने सम्मान और अधिकार के लिए संविधान के अनुसार संघर्ष करो। डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि भाजपा सरकार ही बाबा साहब के पंचतीर्थों का निर्माण कर उनके सपनों को साकार करने में जुटी है। नगर पालिका का यह नया मल्टीप्लेक्स कार्यालय नागरिकों को पारदर्शी और त्वरित सेवाएं देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। भरवारी की जनता को अब नगर पालिका से जुड़ी तमाम सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी सभी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा के विरोधी हैं। डिप्टी सीएम ने जनता से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास को गांव-गांव, शहर-शहर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। आंबेडकर के विचारों पर चलते हुए सामाजिक न्याय और विकास की गति को तेज किया जा रहा है। पालिकाध्यक्ष कविता पासी ने कहा कि नवनिर्मित नगर पालिका परिषद भरवारी के भव्य कार्यालय भवन का उद्घाटन डिप्टी सीएम द्वारा किया गया।
यह अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है कि इस कार्यालय का नाम डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर समर्पित किया है। पूर्व सासंद विनोद कुमार सोनकर ने भी सभा को संबोधित किया। इस दौरान चायल विधायक पूजा पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मराज मौर्य, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष शिवमोहन मौर्य, एडवोकेट राम प्रकाश मिश्रा, दीप चंद्र दिवाकर, भोलेशंकर कुशवाहा, तीनों पूर्व विधायक, 25 वॉर्ड के सभासद, ईओ रामसिंह सहित लगभग बीस हजार कार्यकर्ता व गणमान्य लोग शामिल रहे l
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.