सिराथू तहसील के दारानगर स्थित एक इंटर कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी के साथ जालसाजों ने 4.88 लाख की ठगी की। भरोसा दिलाने के लिए आरोपियों ने युवक को कॉलेज में नौकरी का फर्जी ज्वॉइनिंग लेटर भी थमा दिया। फर्जीवाड़े की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
कोखराज के साई का पुरा निवासी हेमंत कुमार बेरोजगार है। नौकरी के लिए वह काफी हाथ-पैर मार रहा था। इस बीच उसकी प्रयागराज में चार लोगों से मुलाकात हुई। हेमंत ने अपनी बेरोजगारी का दुखड़ा उनके सामने रोया तो उन्होंने कड़ा कोतवाली के दारानगर स्थित गांधी मेमोरियल इंटर कॉलेज में चपरासी कम लिपिक की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि चारों लोगों ने उससे अलग-अलग किश्तों में 4.88 लाख ले लिए। इसके बाद भी उसे नौकरी के लिए काफी दिनों तक टरकाया जाता रहा। दबाव बनाने पर आरोपियों ने उसे फर्जी नियुक्ति आदेश दे दिया। इसे लेकर जब वह कॉलेज पहुंचा तो पता चला कि लेटर फर्जी है। इस पर हेमंत ने जालसाजी करने वाले फतेहपुर जिले के अजरौली पल्लावा निवासी आलोक कुमार, विनय सिंह, अश्वनी कुमार और विक्रम सिंह के खिलाफ एसपी कौशाम्बी को तहरीर दी। शिकायत के बाद भी पुलिस ने केस नहीं दर्ज किया तो हेमंत ने अदालत का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर कोखराज पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।