फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kaushambi News ›   बारातियों से लूट की घटना में चोरी की रिपोर्ट

बारातियों से लूट की घटना में चोरी की रिपोर्ट

Wed, 07 Jun 2017 09:03 PM IST
Updated Wed, 07 Jun 2017 09:03 PM IST
विज्ञापन
बारातियों से लूट की घटना में चोरी की रिपोर्ट
बारा।
विज्ञापन

करारी थाना क्षेत्र के हकीमपुर गांव के समीप मंगलवार देर रात कानपुर देहात के बारातियों की बस हाईजैक कर लूटपाट की गई थी। लूटपाट की इस घटना में करारी पुलिस ने बलवा, मारपीट के साथ चोरी की रिपोर्ट लिखी है। इससे बारातियों में गुस्सा है। मामला दर्ज कर पुलिस ने हकीमपुर गांव के चार संदिग्धों को उठा लिया है। इनमें एक भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

कौशाम्बी थाना क्षेत्र के मढ़ी निवासी रामदीन यादव की बड़ी बेटी रेखा की मंगलवार रात शादी थी। बारात कानपुर देहात के मोअज्जमपुर गांव से आई थी। दूल्हा देवेंद्र कुमार पुत्र कमलेश यादव स्कार्पियो वाहन में सवार था जबकि अन्य बाराती बस, बोलेरो व पिकअप में थे। जाम में फंसने के कारण रात करीब दस बजे बारातियों की बस करारी थाना क्षेत्र के हकीमपुर गांव पहुंची।
विज्ञापन


बारात रिसीव करने के लिए रामदीन ने दो बाइक से राहुल, सुनील, अजय सिंह व छोट्टन को भेजा था। हकीमपुर गांव के समीप जैसे ही राहुल व सुनील पहुंचे बाइक सवार युवकों ने रोक कर इनसे लूटपाट की कोशिश की। पीछे से अजय व छोट्टन पहुंच गए। इन्होंने विरोध किया तो शोर मचाकर बदमाशों ने साथियों को बुला लिया। करीब दो दर्जन लोग लाठी, डंडा व असलहोें से लैस होकर आ गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसी दौरान बारात आ गई। राहुल व सुनील को लूटने के बाद बदमाशों ने बस जबरन रोक ली। बस को घेरने के बाद बदमाशों ने उसको दूसरी ओर मुड़वाया और सुनसान जगह ले जाकर लूटपाट शुरू कर दी। दूल्हे के पिता कमलेश यादव से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। बैग में एक लाख 30 हजार रुपये नकद थे। दूल्हे के पिता के अलावा चाचा, फूफा, मामा व दोस्तों को भी बदमाशों ने लूट का शिकार बनाया है।

कई लोगों का मोबाइल भी छीन लिया। बोलेरो व पिकअप सवार लोगों से भी लूटपाट की गई। बाराती बदमाशों से भिड़ गए तो शोर मचाकर बदमाशों ने गांव वालों को बुला लिया। इनमें महिलाएं भी थीं। सूचना पर पुलिस पहुंची तो बदमाश भाग निकले।

दूल्हे के चाचा रामदुलारे ने पुलिस को तहरीर दी। लूट का मामला दर्ज करने के बजाय पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट लिखी। इससे बारातियों में गुस्सा है। बुधवार को घायलों का मेडिकल हुआ। पुलिस ने इस मामले में चार संदिग्धों को उठाकर पूछताछ कर रही है। इनमें एक भाजपा कार्यकर्ता भी बताया जा रहा है।


बारातियों से लूट की घटना में चोरी की रिपोर्ट
दूल्हे के पिता का रुपयों से भरा बैग लेकर भाग निकले थे बदमाश
भाजपा के एक कार्यकर्ता समेत चार को पुलिस ने उठाया, हो रही पूछताछ


लुटने के बाद पाई-पाई को मोहताज रहा दूल्हे का पिता
बारा (ब्यूरो)। हकीमपुर में हुई लूटपाट के बाद दूल्हे के पिता के पास फुटी कौड़ी भी नहीं बची थी। उनके हैंडबैग में एक लाख 30 हजार रुपये नगद थे। कुछ रुपये रास्ते में खर्च हो गए थे। बदमाशों ने बैग लूट लिया तो उनके पास एक रुपया नहीं बचा था। किसी तरह बारात गांव पहुंची तो उनका चेहरा उतरा था। नेग देने के लिए वह रिश्तेदारों से मदद मांग रहे थे। डीजे व रोड लाइट वालों को किसी तरह समझाकर उन्होंने वापस भेजा। पिता कमलेश यादव ने बताया कि वह किसान हैं। बेटा देवेंद्र कुमार एक प्राइवेट फर्म में नौकरी करता है। धूमधाम से बेटे की शादी करने की तैयारी की थी लेकिन बदमाशों ने पानी फेर दिया।


दो दर्जन से अधिक थे बदमाश
दूल्हे के मामा रामशंकर, जीवन लाल, फूफा शिवबीर ने बताया कि प्लानिंग के तहत बदमाशों ने घटना अंजाम दी। यह घटना अकस्मात नहीं हुई। पहले उन्होंने बारात रिसीव करने आए रिश्तेदारों को लूटने की कोशिश की। वह बारात लेकर पहुंचे तो उनको निशाना बनाया गया। बताया कि लगभग 25 की संख्या में बदमाश थे। कहा कि जब बोलेरो व पिकअप सवार लोग बदमाशों से भिड़ गए तो बस के लोगों ने भी घेरा। इस पर उन्होंने शोर मचाया तो अचानक गांव के लोगों ने घेर लिया। इनमें महिलाएं भी थीं।



अपराधी प्रवृत्ति के लोगों का रहता है जमावड़ा
हकीमपुर गांव की नहर पुलिया के समीप शाम होते ही अराजकतत्वों का जमावड़ा लग जाता है। गांव के अगल-बगल रहने वाले अपराधी प्रवृत्ति के लोग यहीं इकट्ठा होते हैं। हकीमपुर गांव में भी कुछ अपराधी प्रवृत्ति के लोग बताए जा रहे हैं। चिह्नित शातिरों को पुलिस ने उठा लिया है। इनसे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।


एक घंटे बाद पुलिस से मिल सकी मदद
घटना के बाद बारातियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को मोबाइल से सूचना दी थी, लेकिन बाराती पुलिस को सही लोकेशन नहीं दे पा रहे थे। न ही वे थाना क्षेत्र बता रहे थे। यही कारण है कि मौके पर पुलिस एक घंटे बाद पहुंची। इसके बाद करारी थाने की पुलिस व पुलिस अधिकारी रात में पहुंचे।


औपचारिकता पूरी कर विदा की गई बारात
दुल्हन रेखा के पिता रामदीन ने घटना के बाद बारात का स्वागत कर किसी तरह शादी की रस्म पूरी करवाई। सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दुल्हन को विदा किया गया। घटना से वर और कन्या पक्ष दोनों उदास थे। दूल्हा भी मायूस था। रामदीन ने बताया कि ऐसा होगा उन्होंने कतई नहीं सोचा था।


एक्सीडेंट करने का आरोप लगा रहे ग्रामीण
हकीमपुर गांव के लोग बारातियों से हुई लूटपाट की घटना को दूसरा मोड़ दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारात रिसीव करने आए युवकों ने गांव के ही एक बाइक सवार को टक्कर मार दी थी। इसके बाद बारात आई। बारातियों ने भी उनको मारापीटा। शोर मचने पर गांव के लोगों ने बस घेरी थी। बाराती झूठा आरोप लगा रहे हैं।




पैरवी में जुटे रहे भाजपा नेता
हकीमपुर गांव के संदिग्धों को पकडे़ जाने के बाद से भाजपाई सक्रिय हैं। संदिग्धों में एक भाजपा कार्यकर्ता भी है। उसको बचाने के लिए स्थानीय नेताओं ने एड़ीचोटी का जोर लगा रखा है। यही कारण है कि पुलिस इस मामले में गिरफ्तारी दिखाने से कतरा रही है। भाजपा नेताओं ने बुधवार को बारातियों से भी संपर्क किया। चर्चा है कि बारातियों पर क्रास एफआईआर दर्ज कराने की भी धमकी दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed