कासगंज। लायंस क्लब कासगंज ने निशुल्क दिव्यांग चिकित्सा सेवा शिविर का आयोजन रानी लक्ष्मीबाई कम्युनिटी हॉल में किया। इस शिविर में कल्याणं करोति मथुरा की टीम ने 25 दिव्यांगों का चयन कृत्रिम अंगों के लिए किया।शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि सीएमएस डॉ. संजीव सक्सेना, पालिका अध्यक्ष मीना माहेश्वरी, पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र बोहरे ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि कृत्रिम अंग प्रदान कर दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने का यह कार्य समाज सेवा के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे दिव्यांगों को चलने- फिरने में काफी सुविधा मिलेगी। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि लायंस क्लब पैरों से दिव्यांग बच्चों ,महिलाओं एवं पुरुषों को चिकित्सीय परामर्श एवं कृत्रिम अंग सहायता प्रदान कर सराहनीय पहल की है। पूर्व पालिका अध्यक्ष ने कहा कि दिव्यांगों को कृत्रिम पैर प्रत्यारोपण की प्रक्रिया से जोड़ना मानव सेवा की दिशा में एक नई और प्रेरणादायक पहल है। क्लब के सचिव विजय राजपूत ने कहा कि शारीरिक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों को सहयोग देकर उन्हें आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का अवसर देना हम सभी का दायित्व है। कृत्रिम पैर लगने से उनके दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। क्लब अध्यक्ष दिनेश वर्मा ने सभी का आभार जताया। कल्याणं करोति मथुरा के चिकित्सक ऑर्थो स्पेशलिस्ट विवेक शर्मा, दीपक शर्मा, आरएस नेगी, वर्कशॉप प्रबंधक लोकेश ने 25 दिव्यांग महिला एवं पुरुषों के पैरों की जांच व नाप लेकर कृत्रिम अंग प्रदान करने को चयनित किया। इस अवसर पर रीजन चेयरपर्सन एके सिंह पुंडीर, जॉन चेयरपर्सन अनुराग महेश्वरी, राम रक्षपाल सिंह, शेष चंद कावरा, विजेंद्र सिंह, सुनील महेश्वरी, राजेंद्र कुमार बिडला, सीवी द्विवेदी, प्रदीप महेश्वरी आदि मौजूद रहे।