कासगंज। जिला ओलंपिक एसोसिएशन के तत्वावधान में 25 से 29 दिसंबर तक जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम सोरोंजी में किया जाएगा। इस दौरान कुल 14 खेलों में जिले के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे। इसके लिए बुधवार को तैयारियां पूरी की गईं।संघ के महासचिव डॉ. प्रवीण कुमार सिंह जादौन ने बताया कि 25 दिसंबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम में सीनियर एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट (टेनिस बॉल) ओपन और सीनियर अमेरिकन फुटबॉल (फ्लैग) प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसी दिन केए पीजी कॉलेज में सीनियर वॉलीबाल प्रतियोगिता कराई जाएगी।उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर को केए पीजी कॉलेज में सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर्स वर्ग की पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी। 28 दिसंबर को श्रीमती शारदा जौहरी नगर पालिका कन्या महाविद्यालय में सीनियर बैडमिंटन, टेबल टेनिस और ओपन शतरंज प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं 28 दिसंबर को ही प्रभु पार्क में सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की जूडो प्रतियोगिता के साथ-साथ जूनियर और सीनियर वर्ग में रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 29 दिसंबर को सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर्स वर्ग में आर्म रेसलिंग तथा सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में फ्री स्टाइल कुश्ती प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। आयोजन के लिए जिम्मेदारी सौंप दी गई है।