कासगंज। मुख्य बाजारों में घूम रहे सांड गंभीर समस्या बन गए हैं। इनकी लड़ाई से आए दिन भगदड़ मच जाती है जिससे स्थानीय लोगों में भय और प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
शहर के व्यस्त बाजारों में निराश्रित सांडों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। सांडों की मौजूदगी से दुकानदारों और राहगीरों में दहशत है। आपस में भिड़ने पर बाजार में अफरा-तफरी मच जाती है। भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षित निकलना मुश्किल हो गया है। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन इस समस्या पर गंभीर नहीं है। जिले में कई गोशालाएं संचालित हैं, फिर भी सांड खुले घूम रहे हैं। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने सांडों को पकड़कर गोशाला भेजने की मांग की है। मांग करने वालों में व्यापारी अजय कुमार, विनीत कुमार, स्थानीय निवासी जितेंद्र, चंद्रप्रकाश, राहुल, अजय, उदित, वीरेंद्र आदि शामिल हैं।