'तेरे बिना जी नहीं सकता': प्रेमी का सुसाइड...प्रेमिका ने भेजा मैसेज, लिखा- बाय...बाय, जानिए क्या है पूरा मामला
Kanpur Crime: थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। युवक रावतपुर स्थित घर में अकेले रहता था और प्रेमिका से विवाद के बाद जान दे दी।
विस्तार
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में प्रेमिका से विवाद के बाद बीसीए छात्र ने फंदा लगाकर जान दे दी। युवक की मौत की जानकारी पर प्रेमिका ने मोबाइल पर आखिरी बार बाय...का मैसेज भेजकर अपना दुख जताया। इसके बाद मोबाइल फोन बंद कर दिया।
पुलिस को युवक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें युवती से प्यार व उसके बिना न जीने की बात लिखी है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इलाके के सैय्यदनगर निवासी अंशुमान यादव (24) ने पीएसआईटी से बीसीए किया।
रोडवेज में आरएम ऑफिस में तैनात उसके पिता रमेश चंद्र यादव की दो साल पहले कैंसर से मौत हो गई थी। वहीं, पास में रहने वाले चाचा अखिलेश यादव ने बताया कि अंशुमान की एक माह बाद आश्रित में रोडवेज में ही नौकरी लगने वाली थी।
पंखे से फंदा बांधकर खुदकुशी की है
इस बीच उसका किसी गैर समुदाय की युवती से प्रेमप्रसंग चलने लगा। इसकी जानकारी सभी को थी। किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ, जिससे तनाव में आए अंशुमान ने घर पर ही पंखे से फंदा बांधकर खुदकुशी कर ली। फोन न उठाने पर सुबह घर पहुंचे, तो उसका शव फंदे से लटका पाया।
तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
मृतक की मां ऊषा यादव आजमगढ़ में रहती हैं और छोटा भाई अनुराग नोएडा में नौकरी करता है। अंशुमान की मौत की खबर सुनकर सभी शहर के लिए निकल लिए। इस संबंध में थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।