Etawah: घर में खून से लथपथ मिला महिला का शव, पिता ने पति पर लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
Etawah News: एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी और नायब तहसीलदार शेखर मिश्रा ने जांच पड़ताल की है। पिता के अनुसार घर में रखा बेटी का जेवर और रुपये भी गायब हैं। एसपी सिटी ने बताया कि जांच की जा रही है। मायके वालों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
इटावा जिले में फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के मोहल्ला हरिशंकरपुरम में शुक्रवार सुबह खून से लथपथ महिला का शव बंद घर में मिला। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पिता ने महिला के पति पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया कि आरोपी पति के खिलाफ दहेज की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
मैनपुरी जनपद के किश्नी निवासी रामचंद्र सिंह ने अपनी बेटी पूनम (25) की शादी 11 साल पहले शहर के तुलसी अड्डा निवासी एक युवक से की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पूनम को पति दहेज की मांग के लिए प्रताड़ित करने लगा था। जानकारी होने पर पिता ने दामाद को समझाकर बेटी को शहर के हरिशंकरपुरम में एक अलग घर बनवाकर दे दिया था।
वहीं, दामाद को एक पिकअप दिला दी थी। कुछ दिन सही चलने के बाद पति पूनम को फिर परेशान करने लगा। आरोप है कि कई बार मारपीट भी की। इस पर पूनम कुछ महीने पहले मायके चली गई थी। पिता ने दामाद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पांच मार्च को पति पूनम को बहलाकर हरिशंकरपुरम के घर ले आया।
पूनम का खून से लथपथ शव पड़ा मिला
गुरुवार को पिता ने पूनम को कई बार कॉल की, लेकिन फोन नहीं उठा और इसके बाद स्विच ऑफ हो गया। इस पर वजह परेशान हो गए। बेटे के साथ शुक्रवार को तड़के पांच बजे बेटी के घर पहुंचे, तो बाहर से ताला डला था। इस पर पिता और भाई ने पड़ोसियों से सीढ़ी लेकर घर में प्रवेश किया। अंदर जाकर देखा, तो पूनम का खून से लथपथ शव पड़ा देखा।
पिता बोला- बेटी का जेवर और रुपये गायब हैं
यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए। सूचना पर फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी दिवाकर प्रसाद सरोज और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं, एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी और नायब तहसीलदार शेखर मिश्रा ने जांच पड़ताल की है। पिता के अनुसार घर में रखा बेटी का जेवर और रुपये भी गायब हैं। एसपी सिटी ने बताया कि जांच की जा रही है। मायके वालों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।