Banda: डंपर की टक्कर से महिला की मौत, सड़क पार करते हुए हादसा, ग्रामीणों ने पीछा कर डंपर चालक को पकड़ा
मटौंध थाना क्षेत्र में सड़क पार कर गोबर फेंकने जा रही महिला को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौत हो गई। वहीं, ग्रामीणों ने पीछा करके चालक को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांदा जिले में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार खाली डंपर की टक्कर से महिला की मौत हो गई। भागते समय ट्रैक्टर को भी टक्कर लगने से ट्रैक्टर चालक घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़ लिया और धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने बताया कि मृतक महिला घर के बाहर गोबर फेंकने जा रही थी। घटना मटौंध थाना और भूरागढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत दुरेड़ी गांव की है। रविवार को सुबह रामसखी (45) पत्नी विजय कुमार अहिरवार घर के बाहर पड़ा गोबर उठाकर सड़क के दूसरी ओर फेंकने जा रही थी।
तभी बांदा से महोबा की तरफ जा रहे डंपर ने उसे टक्कर मार दी। रामसखी गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद चालक डंपर लेकर भागने लगा। तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर को भी टक्कर मार दी। ट्रैक्टर चालक छोटे तिवारी (42) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने पीछा कर डंपर को रोक लिया।
चालक की जमकर धुनाई की। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाया और हिरासत में ले लिया। परिजन दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले आए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद रामसखी को कानपुर के लिए रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करके परिवार का गुजर बसर करता है। पत्नी गृहिणी थी। दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। उधर, दुर्घटना से लगभग पौन घंटा बांदा-झांसी नेशनल हाईवे पर आवागमन बाधित रहा। पुलिस के पहुंचने पर आवाजाही बहाल हो सकी।