दर्दनाक: दो मासूम बेटियों की हत्या कर महिला ने जान दी, घरेलू कलह में उठाया है खौफनाक कदम, जानें पूरा मामला
बिल्हौर के मकनपुर इलियासपुर गांव में एक मां ने अपनी दो मासूम बच्चियों की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर में बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के मकनपुर इलियासपुर गांव में रविवार की देर रात एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों की हत्या कर खुद भी आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी और इंसपेक्टर बिल्हौर फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मकनपुर क्षेत्र के इलियासपुर ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान सौरभ तिवारी ने बताया कि प्राचीन खेरापति मंदिर में गणेश महोत्सव का कार्यक्रम हो रहा है। रविवार रात लगभग 8:35 बजे गणेश महोत्सव समिति के खानपान व्यवस्थापक मनोज गुप्ता की पत्नी रागिनी गुप्ता (30) की तबीयत खराब होने की सूचना मिली।
इसके बाद मनोज व समिति के कई सदस्य घर पहुंचे, वहां रागिनी और उनकी पुत्री अंशी (5) व ढाई माह की प्रांशी का शव पड़ा मिला। पत्नी व बेटियों के शव देख मनोज गुप्ता बेहोश होकर गिर पड़े। आनन-फानन में मामले की सूचना मकनपुर चौकी इंचार्ज सुरेश कुमार और पुलिस कंट्रोलरूम को दी गई।
रात करीब दस बजे इंस्पेक्टर बिल्हौर अतुल कुमार मौके पर पहुंचे। इसके बाद रात 10:15 पर पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। एक साथ तीनों की मौत पर फोरेंसिक टीम को मौके पर जांच पड़ताल के लिए बुलाया गया और साक्ष्य जुटा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पड़ोसियों और ग्रामीणों ने घरेलू कलह के कारण रागिनी द्वारा बच्चों सहित आत्महत्या किए जाने की बात बताई है। रागिनी ने छह साल पहले मनोज गुप्ता से प्रेम विवाह किया था। बच्चों की हत्या के करने के तरीकों को लेकर परिजन अलग-अलग बातें बता रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। -राजेश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, बिल्हौर