हरदोई: कोविड अस्पताल की अव्यवस्थाओं का वीडियो वायरल, जिम्मेदार नपेंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरदोई जिले के मलिहामऊ स्थित कोविड-19 अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं की फोटो, वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आए प्रशासन ने कार्यवाई का चाबुक चला दिया है। डीएम ने एक पीसीएस अफसर समेत तीन अफसरों को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए विभागीय कार्रवाई करने की संस्तुति की है।
इसके अलावा कोविड-19 अस्पताल में तैनात सफाईकर्मियों को निलंबित करते हुए एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। कोविड अस्पताल में भोजन आपूर्ति के लिए नियुक्त ठेकेदार के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराने के आदेश डीएम ने दिए हैं।कोरोना संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों को मलिहामऊ में केंद्रीय विद्यालय की इमारत में संचालित कोविड-19 के एल-1 अस्पताल में भर्ती किया जाता है। रविवार को कोविड-१९ अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं की फोटो और वीडियो वायरल हो गए थे। इनमें बेड पर फटे गद्दे, शौचालयों और वासबेसिन में व्याप्त गंदगी, गुणवत्ताहीन भोजन, की तस्वीरें और वीडियो भी शामिल थे।
सोमवार को मामला तूल पकड़ते देख सीएमओ डॉ. एसके रावत एक टीम के साथ कोविड-19 अस्पताल पहुंचे और यहां साफ सफाई की व्यवस्था शुरू कराई। उधर दूसरी ओर डीएम पुलकित खरे ने भी इन अव्यवस्थाओं पर सख्त रुख अपनाया। डीएम के मुताबिम सीएमओ डॉ. एसके रावत को शिथिल पर्यवेक्षण और अस्पताल में उत्पन्न अव्यवस्थाओं को लिए दोषी मानते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
साथ ही विभागीय कार्यवाही की संस्तुति भी शासन से की गई है। कोविड अस्पताल के लिए 29 मई 2020 को नोडल अधिकारी बनाए गए डिप्टी कलेक्टर माया शंकर यादव को भी लापरवाही का दोषी मानते हुए उन्हें विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है और विभागीय कार्यवाही की संस्तुति की गई है।
कोविड-19 अस्पताल के प्रबंधक सीएचसी सुरसा में तैनात डॉ. हेमंत राजपूत को भी विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए विभागीय कार्यवाही की संस्तुति डीएम ने की है। अस्पताल में तैनात सफाई कर्मी शिवपाल, राजीव वर्मा, सुरेश कुमार, विशाल वर्मा, नीरज कुमार और फरहत खां को अस्पताल में व्याप्त गंदगी के लिए दोषी मानते हुए निलंबित करने के आदेश डीएम ने सीएमओ को दिए हैं। सीएमओ को इन सभी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के आदेश भी डीएम ने दिए हैं।
कोविड-19 अस्पताल में खाने की व्यवस्था के लिए अधिकृत मेसर्स रामचंद्र अनूप कुमार को गुणवत्ताहीन भोजन उपलब्ध कराने का दोषी डीएम ने माना है और फर्म के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश सीएमओ को दिए हैं। डीएम ने कोविड-१९ अस्पताल में तैनात टीम लीडर डॉ. शौबीर चतुर्वेदी, डॉ. जय प्रकाश, डॉ. शब्द प्रकाश मिश्रा, डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. वीना, डॉ. अविनाश मौर्या, स्टाफ नर्स सर्वेश्वरी, प्राची रॉय, प्रीती रॉय, श्वेता वर्मा, सूर्यमुखी, सुमनदेवी, वार्ड ब्वॉय शैलेंद्र कुमार, मोहम्मद जावेद और बीजी त्रिपाठी को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।