Etawah: निचली गंग नहर पुल में फंसा मिला युवती का शव, वायरल हुआ था वीडियो; शिनाख्त में जुटी पुलिस
Etawah News: इकदिल क्षेत्र के आराजी जाधौपुर गांव के पास निचली गंग नहर के पुल के पिलर में शुक्रवार शाम एक अज्ञात युवती का शव फंसा मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार
इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र अंतर्गत आराजी जाधौपुर गांव के पास निचली गंग नहर के पुल के पिलर में शुक्रवार शाम एक युवती का शव फंसा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत कर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के सभी थानों और पड़ोसी जिलों से लापता युवतियों के संबंध में जानकारी जुटाकर पहचान कराने में लगी है।
नीले लोअर और काले रंग की टी-शर्ट में मिला शव
शुक्रवार शाम पिलखर निवासी सनत ने पुलिस को सूचना दी थी कि आराजी जाधौपुर गांव के पास निचली गंग नहर के पुल के पिलर नंबर 02 में एक युवती का शव अटका हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नहर के तेज बहाव के बीच स्थानीय लोगों की मदद से रस्सी के सहारे शव को बाहर निकाला। मृतका की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। वह नीले रंग का लोअर और काले रंग की टी-शर्ट पहने हुए थी। उसके दाहिने हाथ में एक कंगन और बाएं हाथ की कलाई पर पट्टीनुमा कपड़ा बंधा हुआ मिला है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
शुक्रवार दोपहर करीब 02 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें चितभवन नहर पुल के पास एक किशोरी का शव बहता दिखाई दे रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वही शव पानी के तेज बहाव में बहकर आराजी जाधौपुर के पिलर में आकर फंस गया।
सीओ सिटी अवनीश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया स्थिति देखकर लगता है कि युवती की मौत शुक्रवार को ही किसी हादसे या दुर्घटना के कारण हुई है। शव के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पहचान के लिए आसपास के जिलों में फोटो भेजी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।