Kanpur: तैरकर गंगा पार करने की कोशिश में आईआईटी का छात्र डूबा, मौत
कोहना थाना क्षेत्र में गंगा बैराज पर गंगा के दूसरी ओर नहाने गए दो दोस्त डूब गए। गोताखोरों ने एक युवक को बचा लिया, जबकि दूसरे की मौत हो गई।
विस्तार
कानपुर में बैराज में रविवार सुबह गंगा में तैरकर एक छोर से दूसरे छोर जाने की कोशिश में आईआईटी के दो छात्र डूब गए। साथी छात्रों ने एक को तो बचा लिया लेकिन दूसरा छात्र डूब गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोर शव बरामद कर सके। पुलिस ने आईआईटी प्रशासन के साथ राजस्थान निवासी मृतक छात्र के परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
देर रात तक परिजन शहर पहुंच सकते हैं। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। एसीपी कर्नलगंज त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि राजस्थान के झुंझुनू जिला निवासी चंचल कुमार मीणा (27) आईआईटी कानपुर से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। चंचल रविवार सुबह करीब सात बजे अपने 9 और साथी छात्रों के साथ गंगा बैराज पहुंचा। कल्लूपुरवा गांव की तरफ से रेत पर चलते-चलते सभी गंगा के बीच पहुंच गए। यहां पर थोड़ी देर तक इधर उधर घूमने के बाद छात्र गंगा में नहाने लगे। वे सभी तैर कर गंगा पार करने लगे।
दूसरे छोर पर जाने की कोशिश के बीच चंचल व एक अन्य छात्र डूबने लगे। यह देख साथी छात्रों ने एक को किसी तरह से बचा लिया लेकिन चंचल डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर बुलाए। करीब तीन घंटे बाद चंचल का शव बीच गंगा में अटल घाट के पास बरामद हुआ।
सहम गए साथी छात्र, साधी चुप्पी
चंचल की मौत से उसके साथी बेहद दुखी हैं। उनको यकीन नहीं हो रहा था कि चंद सेकेंड में चंचल का साथ छूट गया। वह सभी डरे सहमे थे। छात्रों ने पुलिस को बताया कि शनिवार को ही गंगा बैराज आने की योजना बनाई थी। सुबह छह बजे उठाकर सीधे वह बैराज पहुंचे थे। यह नहीं पता था कि ऐसा हादसा हो जाएगा।