रुखसाना चिल्लाती रही, ‘हमको मरना है’: सूदखोर से त्रस्त होकर खाया जहर, पुलिस-प्रशासन पर सुनवाई न करने का आरोप
डीएम ऑफिस के बाहर मंगलवार को एक महिला ने जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। बाबूपुरवा में रहने वाली महिला रुखसाना ने सूदखोरों से परेशान होकर ऐसा कदम उठाया है। साथ ही, पुलिस-प्रशासन पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया है।
विस्तार
कानपुर में सूदखोर से परेशान बाबूपुरवा निवासी रुखसाना ने मंगलवार सुबह डीएम कार्यालय के बाहर जहर खा लिया। जिलाधिकारी ने अपने स्कॉट वाहन से उसे उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला के पास से कीटनाशक और एक पत्र मिला है।
इसमें एक महिला समेत पांच लोगों पर उधारी की रकम वापसी के नाम पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। बाबूपुरवा निवासी रुखसाना (38) के पति मोहम्मद हलीम गल्ला व्यापारी हैं। इनके जुड़वां बेटियां आठ साल की आरजू और फिजा हैं। रुखसाना ब्यूटी पार्लर चलाती हैं।
एसीएम छह वान्या सिंह ने बताया की रुखसाना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे डीएम कार्यालय पहुंचीं। कार्यालय के बाहर जहरीला पदार्थ खाकर अंदर चली गईं। तबियत बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों को जानकारी दी।प्राथमिक जांच में पता चला कि रुखसाना ने किसी महिला से दो लाख रुपये ब्याज पर लिए थे।
आरोप है मूल रकम अदा करने के बाद भी अतिरिक्त रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा है। महिला ने कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। हालांकि अभी तक यह जानकारी नहीं हो सकी कि महिला ने कितनी बार शिकायतें की हैं और कितने रुपये का लेनदेन बाकी है। पुलिस ने अभी कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
जिलाधिकारी कार्यालय में नहीं हुई सुनवाई
हलीम के अनुसार, चार महीने पहले रुखसाना ने जिलाधिकारी को एक पत्र दिया था, जिसमें उसने मदद की गुहार लगाई थी। तब उसे बाबूपुरवा पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर टरका दिया था। कार्रवाई नहीं हुई तो परेशान होकर उसने जहर निगल लिया। इस संबंध में बाबूपुरवा थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि महिला आईसीयू में भर्ती है। तहरीर मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
रुखसाना चिल्लाती रही, ‘हमको मरना है’
उर्सला में डॉक्टरों का कहना है कि वह लगातार चिल्लाती रही कि ‘हमें मरना है।’ आईसीयू प्रभारी डॉ. शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि उसके पास से कीटनाशक की शीशी भी मिली है।
महिला जहर खाकर कलेक्ट्रेट परिसर आई थी। उसका मेरे कार्यालय से कोई लेनादेना नहीं है। जानकारी होते ही उसे अपनी गाड़ी से उर्सला अस्पताल भिजवाया गया। उसकी तबियत ठीक है। उधारी का मामला है। एसीएम छह को मौके पर भेजा है। बाबूपुरवा पुलिस मामला देख रही है। -विशाख जी जिलाधिकारी