Jalaun: शोहदों से परेशान छात्रा ने फंदा लगाकर जान दी, स्कूल आते-जाते छेड़छाड़ करते थे दो युवक
कोटरा थाना क्षेत्र में छेड़खानी से परेशान कि किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गांव के दो युवक स्कूल आते-जाते समय छात्रा से छेड़छाड़ करते थे। पिता की तहरीर पर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
विस्तार
जालौन जिले के कोटरा क्षेत्र में शोहदों से परेशान बरसार गांव की की छात्रा ने सोमवार रात घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
गांव के शिवचरण की पुत्री दीक्षा (16) कोटरा के एक इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा थी। स्कूल आते-जाते गांव के दयाशंकर और पुष्पेंद्र उसे आए दिन परेशान करते थे। छात्रा ने इसकी शिकायत अपने परिजनों से की थी। परिजनों ने युवकों के घर जाकर उलहना दिया।
आरोप है कि परिजनों ने युवकों को डांटने के बजाए छात्रा के पिता को ही धमकाया था। साथ ही, मारपीट करने की धमकी भी दी। सोमवार को फिर दोनों युवकों ने छात्रा के साथ छेड़खानी की। इससे आहत होकर छात्रा ने देर रात घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
सूचना पर कोटरा थाने के प्रभारी निरीक्षक और उरई सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने मौके पर जाकर जांच की। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पिता ने दोनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी है।
इसमें छात्रा को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया गया है। सीओ ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।