बड़ा बोझ: एक अप्रैल से महंगा हो जाएगा राष्ट्रीय राजमार्गों में सफर, पांच से 35 रुपये तक बढ़ाया गया है टोल टैक्स
Kanpur News: बारा, अनंतराम, अलियापुर और खन्ना टोल प्लाजा में टोल टैक्स में मामूली वृद्धि की गई है। नई दरें एक अप्रैल से लागू हो जाएंगी। प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों टोल प्लाजा में भी टोल टैक्स की नई दरें अभी घोषित नहीं हुई हैं।
विस्तार
कानपुर में एक अप्रैल से शहर से जुड़े तीन राष्ट्रीय राजमार्गों में सफर करना महंगा हो जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) यहां से दिल्ली, झांसी, सागर, लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल टैक्स बढ़ा रहा है। बारा टोल प्लाजा में कार, जीप या वैन से जाने में 180 रुपये टोल टैक्स पड़ेगा। फिलहाल ऐसे वाहनों से 175 रुपये टोल टैक्स लिया जा रहा है।
अन्य सभी प्रकार के वाहनों का टोल टैक्स पांच रुपये से 35 रुपये बढ़ाया गया है। अनंतराम टोल प्लाजा में कार का टोल टैक्स 110 रुपये किया गया है। गैर व्यावसायिक वाहनों की तुलना में व्यावसायिक वाहनों के टोल टैक्स में ज्यादा वृद्धि की गई है। 24 घंटे में वापसी करने पर भी अब जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी।
दिल्ली रूट के बारा, झांसी रूट के अनंतराम, सागर मार्ग के अलियापुर व खन्ना टोल और लखनऊ रूट के नवाबगंज (उन्नाव) टोल प्लाजा में टोल टैक्स बढ़ाया गया है। दो अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों (प्रयागराज राजमार्ग, जीटी रोड) में टोल टैक्स की नई दरें एक-दो दिन में घोषित हो सकती हैं। एक अप्रैल से नई दरें लागू करने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बीते एक अप्रैल को टोल टैक्स में पांच रुपये से 45 रुपये तक की वृद्धि की गई थी।
बारा टोल प्लाजा (दिल्ली-झांसी राजमार्ग)
वाहन का प्रकार एक तरफ यात्रा का टोल टैक्स वापसी यात्रा (24 घंटे में)
कार, जीप, वैन 180 265
मिनी बस, हल्के व्यावसायिक वाहन 280 420
बस, ट्रक 570 855
तीन एक्सल वाले वाहन 625 935
चार से छह एक्सल वाले वाहन 875 1315
इससे बड़े वाहन 1110 1665
नोट- इस टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय लोगों को गैर व्यावसायिक वाहन के लिए 340 रुपये में मासिक पास दिया जाएगा। यह व्यवस्था आगामी वित्तीय वर्ष 2024-25 में लागू होगी।
अलियापुर टोल प्लाजा (कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग)
वाहन का प्रकार एक तरफ यात्रा का टोल टैक्स वापसी यात्रा (24 घंटे में)
कार, जीप, वैन 50 80
मिनी बस, हल्के व्यावसायिक वाहन 85 125
बस, ट्रक 180 265
चार से छह एक्सल वाले वाहन 280 420
इससे बड़े वाहन 340 510
इसलिए दो टोल प्लाजा की दरें अभी नहीं हुईं घोषित
नवनिर्मित जीटी रोड राष्ट्रीय राजमार्ग में आईआईटी से मंधना के बीच बन चुकी छह लेन की एलिवेटेड रोड को अभी चालू नहीं किया गया है। इसके 10 अप्रैल से वाहनों के आवागमन के लिए खोले जाने की संभावना व्यक्त की गई है। इसी तरह प्रयागराज राजमार्ग में चकेरी से 145 किलोमीटर दूर कोखराज (कौशांबी) के बीच चौड़ीकरण कार्य अंतिम चरण में है। इस राजमार्ग में निर्माण कार्य की वजह से करीब पांच साल से टोल टैक्स नहीं बढ़ा है।
बारा, अनंतराम, अलियापुर और खन्ना टोल प्लाजा में टोल टैक्स में मामूली वृद्धि की गई है। नई दरें एक अप्रैल से लागू हो जाएंगी। प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों टोल प्लाजा में भी टोल टैक्स की नई दरें अभी घोषित नहीं हुई हैं। -अमन रोहिल्ला, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई, कानपुर