हमीरपुर में दर्दनाक हादसा: स्कूल जा रही थी बड़ी बहन, छोटी बहन पीछे दौड़ी...ट्रक ने रौंदा, चालक हिरासत में
Hamirpur News: सुमेरपुर कस्बे में स्कूल जा रही बड़ी बहन का ढाई वर्षीय छोटी बहन पीछा कर दौड़कर सड़क पार करने लगी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद डाला। लोगों ने ट्रक ड्राइवर विनय को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को भीड़ से बचकर हिरासत में लिया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में सुमेरपुर कस्बे के पेट्रोल पंप के पास स्कूल जा रही बड़ी बहन का पीछा कर हाईवे पार कर रही ढाई वर्षीय बहन को ट्रक ने कुचल दिया। हादसा कानपुर-सागर हाईवे पर हुआ, जिसमें मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने ट्रक ड्राइवर को पकड़कर जमकर पीटा। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लिया है।
कस्बे के पेट्रोल पंप के पास रहने वाले अशोक वर्मा मौदहा ब्लॉक के लेवा गांव के परिषदीय विद्यालय में शिक्षक हैं। उनकी बड़ी बेटी श्रेया को सुबह 7:45 बजे स्कूल जाने के लिए निकली। हाईवे पार दूसरी तरफ खड़ी विद्यालय की वैन तक उसके बाबा सिद्धगोपाल वर्मा छोड़ने जा रहे थे। तभी उसकी ढाई वर्षीय छोटी बहन आर्या पीछा कर दौड़कर सड़क पार करने लगी।
तभी रिमझिम इस्पात जा रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने ट्रक ड्राइवर विनय निवासी कानपुर को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को भीड़ से बचकर हिरासत में लिया। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सदर विधायक ने दिया हर संभव मदद का आश्वासन
घटना की जानकारी मिलने पर सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आवागमन को बहाल कराया। अचानक हुई इस घटना से मां ऊषा वर्मा, बहन श्रेया, बाबा सिद्धगोपाल, पिता अशोक का रो-रोकर बुरा हाल है।