Fatehpur: मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, गोली लगने से दो घायल…CHC में भर्ती, ये सामान हुआ बरामद
Fatehpur News: बकेवर थाना क्षेत्र में इंटेलिजेंस और बकेवर पुलिस से शातिरों की मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
फतेहपुर जिले में इंटेलिजेंस और बकेवर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए है। दोनों घायल बदमाशों को पुलिस ने इलाज के लिए सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो देशी तमंचे, कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
इंटेलिजेंस प्रभारी अरुण चतुर्वेदी और बकेवर थाना प्रभारी महेश सिंह अपनी टीम के साथ मंगलवार की रात देवमई नहर पुलिया के पास चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देख संदिग्ध बाइक मोड़कर भागने लगे, तभी बाइक गिर गई। पुलिस के आने पर आरोपी फायरिंग करने लगे।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से कानपुर के साढ़ निवासी वकील पुत्र मुनीम और घाटमपुर के भगवन्तपुर निवासी शमीम उर्फ सलीम घायल हो गए। वहीं, थाना क्षेत्र के कसाही निवासी राकेश ऊर्फ मो रफीक को गिरफ्तार करते हुए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो देशी तमंचे, दो खोखा कारतूस आदि सामान बरामद किया है।
चोरी का सामान भी बरामद किया
अपर पुलिस अधीक्षक विद्या शंकर मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों ने पुलिस के पूछताछ में बताया कि उन्होंने बकेवर थाना क्षेत्र और बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाओ को अंजाम दिया था। पुलिस टीम ने घटनाओं से संबंधित चोरी का सामान भी बरामद किया है।