Fatehpur Crime: तीन दिन...तीन हत्याएं! खाकी को खुली चुनौती, इन घटनाओं से प्रशासन भी चिंतित
खागा तहसील क्षेत्र में तीन दिन में तीन हत्याओं से खाकी को खुली चुनौती मिली है। इन घटनाओं से पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सीओ सर्किल ने बताया कि हत्याओं की विवेचना जारी है और जल्द से जल्द खुलासा किया जाएगा।
विस्तार
फतेहपुर जिले में खागा तहसील क्षेत्र की कोतवाली और किशनपुर थाने में बीते तीन दिनों में तीन हत्याकांड से दहशत का माहौल है। वारदातों में दो हत्याकांड अभी भी अनझुलझे हैं। हत्या की दो वारदातें किशनपुर थाना क्षेत्र में हुई हैं। किशनपुर पुलिस एक मामले में ही सिर्फ एक नामजद आरोपी को पकड़ सकी है। तीनों घटनाएं क्रूर तरीके से की गई हैं। लगातार वारदात करके अपराधी, पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं।
बोरे में मिला था अधजला शव
तीन फरवरी 2023 को खागा कोतवाली क्षेत्र के अजनई-हथगाम रोड ससुर खदेरी नदी के पास बोरे में भरा अधजला शव मिला। तीन दिन बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शव गैरजनपद का मान रही है। कातिल हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर लेकर आए। इसके बाद बोरे में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। शिनाख्त नहीं होने की वजह से पुलिस शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार भी करेगी।
बस चालक की पीट-पीटकर हत्या
तीन फरवरी 2023 की रात किशनपुर थाना क्षेत्र के सिलमी गांव निवासी स्कूल बस चालक रज्जन तिवारी की पड़ोसी सगे भाइयों रामलखन और शिवलखन ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी करीब 40 मिनट तक लाठी डंडे बस चालक पर निर्मतता से बरसाते रहे। कोई भी उनके सामने आने की हिम्मत तक नहीं जुटा सका। परिवार ने चौकी पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। तीन दिन बाद एक आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर सकी है।
नलकूप के पास युवक की गोली मारकर हत्या
पांच फरवरी-2023 को तीसरी वारदात किशनपुर थाना क्षेत्र के मलूकबारी कछरा गांव में हुई। गांव के जयचंद्र की नलकूप के पास गोली मारकर सुबह पहर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी मोबाइल समेत अन्य सामान भी ले गए। मृतक के भाई ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस नामजद आरोपियों को उठाकर पूछताछ में जुटी है। हालांकि आरोपी वारदात को कबूल नहीं सके हैं।
हत्याकांडों की विवेचना की जा रही है। हत्या के पीछे कोई न कोई किसी का मकसद होता है। किसी भी घटना में थाना स्तर पर पुलिस की लापरवाही सामने आई तो जांच की जाएगी। उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर कार्रवाई की जाएगी। -संजय सिंह, सीओ सर्किल, खागा