Kanpur: मालरोड पर होंगे एक रंग के भवन…एक जैसे बोर्ड, लगेंगी आकर्षक स्ट्रीट लाइटें, पढ़िए कैसे होगा सुंदरीकरण
Kanpur News: कनॉट प्लेस व हजरतगंज की तरह मालरोड का सुंदरीकरण करवाया जाएगा। दुकानों का एक जैसा होगा रंग व बोर्ड होगा। बिजली व संचार केबल गायब होंगी और आकर्षक स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी।
विस्तार
दिल्ली के कनॉट प्लेस और लखनऊ के हजरतगंज की तर्ज पर माल का सुंदरीकरण कराया जाएगा। यहां डिवाइडर, हरियाली, फुटपाथ, आकर्षक स्ट्रीट लाइटों के साथ ही एक रंग में सभी दुकानें व उनके बोर्ड नजर आएंगे। नगर निगम, केडीए, केस्को, पीडब्ल्यूडी, यूपीएमआरसी के साथ ही व्यापारियों की सलाह और सहयोग से इस मार्ग को आकर्षक बनाया जाएगा। ये फैसला गुरुवार को विभागों के साथ ही मॉल रोड से जुड़े विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों की बैठक में लिया गया।
इसके लिए मंडलायुक्त की तरफ से गठित समिति की पहली बैठक नगर निगम में हुई। इसमें नगर आयुक्त सुधीर कुमार की अध्यक्षता में नयागंज चौराहा से बड़ा चौराहा होते हुए चुन्नीगंज तक मार्ग चौड़ीकरण, विद्युत तारों को भूमिगत कराने, औद्यानीकरण, भवनों को एक रंग में रंगने पर चर्चा की गई। बताया कि इस मार्ग पर तीन साल से मेट्रो निर्माण कार्य चल रहा था।
कार्य पूरा होने पर इस मार्ग को फिर से शुरू किया जा रहा है। बैठक में नगर आयुक्त ने इन कार्यों को कराने के लिए वहां के निवासियों, दुकानदारों, व्यापार मंडलों, संबंधित संस्थानों से सुझाव लेने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारियों के साथ नवीन मार्केट शॉप कीपर्स एसोसिएशन के महामंत्री सरताज अहमद, लोकेश असनानी, अरुण त्रिवेदी, सोना गोपलानी, पुरुषोत्तम कुमार सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
नगर निगम, केडीए, केस्को, पीडब्ल्यूडी, यूपीएमआरसी के साथ मिलकर व्यापारी मॉल रोड का सुंदरीकरण कराएंगे। व्यापारियों ने एक रंग में दुकानें व बोर्ड पेंट कराने पर सहमति जताई है। व्यापारियों की जरूरत के अनुसार कार्य कराए जाएंगे। -मदन सिंह गर्ब्याल, उपाध्यक्ष, केडीए
मॉल रोड में डेढ़ माह में सुंदरीकरण के कार्य शुरू होंगे। शुरुआत नरोना चौराहे की तरफ से की जाएगी। कार्य दिसंबर तक पूरा कराकर शहरवासियों को नए साल का तोहफा दिया जाएगा। इस सड़क के चौड़ीकरण, सुंदरीकरण से यातायात बढ़ेगा। -सुधीर कुमार, नगर आयुक्त