UP: शादी समारोह से युवती अचानक हुई गायब, निर्माणाधीन मकान में मरणासन्न मिली, जमीन पर पड़ा था खून
Fatehpur Crime: जिले में शादी समारोह से गायब हुई युवती निर्माणाधीन मकान में मरणासन्न हालत में मिली। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
विस्तार
फतेहपुर जिले में शादी समारोह में शामिल होने आई एक युवती (19) गुरुवार रात करीब 10 बजे अगवा हो गई। मरणासन्न हालत में युवती शुक्रवार सुबह एक निर्माणाधीन मकान में मिली। पुलिस ने युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से डॉक्टर ने कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया है।
चर्चा है कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या का प्रयास किया गया है। राधानगर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती परिवार के साथ गुजरात के अहमदाबाद में कई साल से रहती है। वह अपनी मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने बिंदकी क्षेत्र के फरीदपुर स्थित एक मैरिज हॉल में गुरुवार रात आई थी।
यहां से करीब रात 10 बजे लापता हो गई। खोजबीन के बाद कोई पता नहीं लगने पर परिजन रात को जोनिहां चौकी पहुंचे। चौकी में युवती की गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस गुमशदगी दर्ज कर मामले की जांच में जुटी। गेस्ट हाउस से करीब 400 मीटर दूर कृपाशंकर सोनी के निर्माणाधीन मकान में शुक्रवार सुबह मजदूर काम करने पहुंचे।
सिर में गंभीर चोट लगी, बेहोश थी युवती
वहां युवती को मरणासन्न हालत में देखकर मजदूरों ने पुलिस को सूचना दी। युवती के सिर में गंभीर चोट लगी थी। इससे वह बेहोशी हालत में थी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को जिला अस्पताल ले गई। डॉक्टर ने युवती को कानपुर रेफर कर दिया। सीओ सुशील दुबे घटनास्थल की छानबीन करने पहुंचे।
पुलिस ने खंगाली है कॉल डिटेल
सीओ ने आसपास के सीसीटीवी खंगाले, कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली। इसके आधार पर एक युवक से संपर्क होना सामने आया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। सीओ ने बताया कि युवती की हालत गंभीर है। होश आने पर बयान दर्ज किए जाएंगे। युवती की गुमशुदगी दर्ज है।
किसी युवक से रात को हुई थी युवती की बातचीत
बरात से अगवा कर युवती की जान लेने की कोशिश करने वाले की पुलिस सर्विलांस के सहारे तलाश में जुटी है। पुलिस को शहर के एक युवक पर शक है। उसकी युवती के मोबाइल पर देर रात तक बातचीत हुई है। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर स्थित गेस्ट हाउस से गुरुवार रात युवती गायब हो गई थी।
युवती के मोबाइल पर युवक का आया था फोन
मरणासन्न हालत में युवती सुबह निर्माणाधीन मकान से मिली। बिंदकी कोतवाली से दरोगा रितेश राय युवती के बयान दर्ज करने हैलट पहुंचे। पुलिस ने सर्विलांस खोजबीन चालू की। जांच में सामने आया कि युवती के मोबाइल पर गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक युवक का फोन पहुंचा था।
युवक की तलाश में दबिश
उस नंबर की जांच की गई, तो पता चला कि कई बार युवती की बातचीत हो चुकी है। काफी दिनों से युवक युवती से बातचीत कर रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक सदर कोतवाली क्षेत्र के ज्वालागंज का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी तलाश में छापामारी की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
आशंका है..युवक झांसा देकर ले गया होगा
युवती कई सालों से परिवार के साथ अहमदाबाद में रहती थी। इन हालातों में युवक से बातचीत पुलिस को संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस मान रही है कि झांसा देकर युवक ही युवती को ले गया और घटना को अंजाम दिया। कोतवाल अरुण चतुर्वेदी ने बताया एक युवक का मोबाइल नंबर ट्रेस किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।