Etawah: मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी...गिरफ्तार, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई कार्यवाहक एसओ की जान
Etawah Crime: बदमाश की मुठभेड़ के दौरान बदमाश केतमंचे की एक गोली कार्यवाहक एसओ की जैकेट में लगी। गनीमत रही कि एसओ राजकुमार सिंह व उनके हमराह सिपाही अवनीश अंकित भी बुलेटप्रूफ़ जैकेट पहने हुए थे।
विस्तार
इटावा जिले में बकेवर थाना पुलिस की रात्रि गश्त के दौरान बाइक सवार बदमाश से मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वो घायल हो गया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट में बदमाश की गोली लगी। घायल बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि पकड़ा गया बदमाश थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। इटावा, औरैया, कानपुर देहात सहित कई जनपदों में उसके विरुद्ध कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सत्यपाल सिंह, सीओ भरथना विवेक जावला भी मुठभेड़ स्थल पर रात्रि में पहुंचे।
बकेवर थाना के कार्यवाहक थानाध्यक्ष एसएसआई राजकुमार सिंह ने बताया कि बुधवार की रात्रि में थाना पुलिस की गाड़ी के साथ मय फोर्स के क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान व्यासपुर से इकनौर गांव की तरफ जा रहे थे। तभी व्यासपुर के आगे रजवाहा के पास रात 12 बजे एक लाल पल्सर पर सवार संदिग्ध जाते दिखा।
बदमाश ने पुलिस पर अचानक फायरिंग कर दी
इस पर पुलिस की गाड़ी देखकर पल्सर सवार ने पुलिस पर अचानक फायरिंग कर दी। बदमाश की एक गोली उनकी बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। पुलिस कुछ समझ पाती, बदमाश फायरिंग कर खेतों की तरफ भागने लगा। फायर होती देख पुलिस ने भी पोजीशन लेकर फायरिंग करना शुरू किया।
कई जनपदों में दर्ज हैं संगीन धाराओं के 18 मामले
इस कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस घायल बदमाश को दौड़कर दबोच लिया। मुठभेड़ में घायल बदमाश में ने पूछताछ में अपना नाम शिवम सविता निवासी व्यासपुर बताया। पकड़े गए बदमाश के विरुद्ध इटावा, औरैया, कानपुर देहात जनपदों में 18 मामले विभिन्न संगीन धाराओं में दर्ज हैं।
बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई कार्यवाहक एसओ की जान
बदमाश की मुठभेड़ के दौरान बदमाश केतमंचे की एक गोली कार्यवाहक एसओ की जैकेट में लगी। गनीमत रही कि एसओ राजकुमार सिंह व उनके हमराह सिपाही अवनीश अंकित भी बुलेटप्रूफ़ जैकेट पहने हुए थे। मुठभेड़ के दौरान पहनी हुई बुलेटप्रूफ जैकेट कार्यवाहक एसओ के लिए वरदान बन गई।