Terrorist Arrested: आतंकी हबीबुल की 12 दिन की कस्टडी रिमांड मंजूर, कश्मीर कनेक्शन भी खंगालेगी एटीएस
लखनऊ एटीएस की गिरफ्त में आने वाले जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी हबीबुल इस्लाम की कस्टडी रिमांड को कोर्ट ने मंजूरी दे दी है। इस दौरान एटीएस कश्मीर समेत कई राज्यों में हबीबुल का कनेक्शन भी तलाशेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जैश से जुड़े आतंकी हबीबुल इस्लाम उर्फ सैफुल्ला और मोहम्मद नदीम बुधवार से 12 दिनों तक एटीएस की कस्टडी रिमांड पर रहेगा। मंगलवार को एटीएस के विशेष न्यायाधीश अनुरोध मिश्रा ने रिमांड अर्जी मंजूर की। एटीएस इस दौरान उससे पूछताछ में कश्मीर समेत कई राज्यों में हबीबुल का कनेक्शन तलाशेगी। 12 अगस्त को एटीएस ने सहारनपुर से आतंकी नदीम को गिरफ्तार किया था।
उससे मिले इनपुट के आधार पर फतेहपुर निवासी हबीबुल इस्लाम उर्फ सैफुल्ला की गिरफ्तारी की थी। एटीएस ने रविवार को उसे जेल भेजा था। मंगलवार को एटीएस ने कोर्ट में अर्जी देकर नदीम और हबीबुल की कस्टडी रिमांड मांगी। कोर्ट ने अर्जी पर सुनवाई करने के बाद 12 दिन की रिमांड मंजूर कर दी है। उधर एटीएस ने हबीबुल के पास बरामद मोबाइल को फोरेंसिक लैब भेजा था। गुरुवार तक उसकी रिपोर्ट आने की संभावना है। उससे कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
साजिश का राज पता करेगी एटीएस
सूत्रों के मुताबिक एटीएस की तफ्तीश में सामने आया है कि हबीबुल और नदीम का कश्मीर के अलावा झारखंड, गुजरात और महाराष्ट्र से भी कनेक्शन है। सवाल है कि क्या इन राज्यों में यह दोनों अपने साथियों के साथ मिलकर कोई बड़ी साजिश रच रहे थे? इसका जवाब एटीएस कस्टडी रिमांड के दौरान हबीबुल व नदीम से पता करेगी।
आतंकी के परिवार और करीबियों से छानबीन में जुटी एटीएस
जैश-ए-मोहम्मद के पकड़े गए आतंकी हबीबुल्ला उर्फ सैफुल्ला की कुंडली खंगालने एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड (एटीएस) फतेहपुर पहुंची है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस अधिकारी नहीं कर रहे हैं। खबर है कि एटीएस ने नई बस्ती, सैय्यदवाड़ा में कुछ लोगों से पूछताछ की है। उसके बाद सैफुल्ला के नजदीकी लोगों से संपर्क में जुटी है। परिवार पर भी निगाह है। एटीएस को सैफुल्ला के मोबाइल से कुछ संदिग्ध नंबर मिले हैं। उन नंबरों की जांच करते हुए टीम पहुंची है।
दरअसल मोबाइल नंबरों के आधार पर विभिन्न वर्चुअल आईडी सैफुल्ला ने बनाई थीं। जांच में आईडी के आईपी एड्रेस के जरिए कुछ संदिग्धों को ट्रेस किया है। इसके आधार पर टीम ने छापेमारी और पूछताछ का सिलसिला शुरू किया है। सैफुल्ला के करीबी महाराष्ट्र और गुजरात में हैं। गुजरात से ही सैफुल्ला आया था। इसके बाद उसकी गतिविधियां तेज हो गई थीं।
उधर, सैफुल्ला के पिता जफरूल इस्लाम ने बताया कि वह बेटे से मुलाकात करने जाएंगे और देशद्रोह का सच जानेंगे। वह दोषी होगा तो, उसे कभी माफ नहीं करेंगे। चार में एक बेटे को मरा मान लेंगे। बड़ी मुश्किलों से बच्चों की परवरिश की है। सीओ सिटी डीसी मिश्रा ने बताया कि एलआईयू, आईबी की टीमें भी सक्रिय हैं। एटीएस के बारे में जानकारी नहीं है।