छात्रा की खुदकुशी का मामला: पिता बोले- युवक खुलेआम देता था बदनाम करने की धमकी, पुलिस ने दर्ज की है एफआईआर
Kanpur Crime: बीते 17 सितंबर को भी अंकुश ने दिव्या को मोबाइल पर कॉल करके जहर खाकर मर जाने के लिए उकसाया था। यह बात दिव्या ने खुद उन्हें व अपनी मां रीता देवी को बताई थी। परिजनों ने उसे समझाया था।
विस्तार
कानपुर के अर्मापुर में कक्षा नौ की छात्रा के अपनी छोटी बहनों को अपना मोबाइल फोन देकर खुदकुशी करने के मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ धमकाने और खुदकुशी के उकसाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस युवक की तलाश में जुटी है।
अर्मापुर थाना क्षेत्र के कैलाश नगर निवासी पेंटिंग का काम करने वाले सुरेंद्र की बेटी दिव्या (18) ने रविवार रात किचन में फंदा लगाकर जान दे दी थी। सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि बेटी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयनगर में कक्षा नौ में पढ़ती थी। बेटी के पास एक मोबाइल फोन था, जिसमें दो सिम पड़े हुए थे।
आरोप है कि रावतपुर के जयप्रकाश नगर निवासी अंकुश ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया था और एक साल से उसे बदल-बदल कर नंबरों से फोन करता था। कई बार घर के सामने सड़क पर खड़े होकर बेटी को समाज में बदनाम करने की धमकी दे चुका था। उसे कई बार जहर खाकर करने के लिए उकसा चुका था।
रिपोर्ट दर्ज कर की जा रही है कार्रवाई
इसे लेकर बेटी दिव्या डिप्रेशन में थी। बीते 17 सितंबर को भी अंकुश ने दिव्या को मोबाइल पर कॉल करके जहर खाकर मर जाने के लिए उकसाया था। यह बात दिव्या ने खुद उन्हें व अपनी मां रीता देवी को बताई थी। उसने पहले जहर खाया और इसके बार फंदा लगाकर जान दे दी थी। थाना प्रभारी राममूरत पटेल के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।