Unnao Accident: कंटेनर की टक्कर से छात्र की मौत, फीस जमा करने जा रहा था कॉलेज, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Unnao News: लखनऊ-कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार छात्र को पीछे से टक्कर मार दी। हेलमेट न लगा होने से छात्र के सिर में चोट लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
उन्नाव जिले में लखनऊ-कानपुर हाईवे के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के आशाखेड़ा गांव के सामने तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार छात्र को टक्कर मार दी। हादसे में घायल छात्र को एम्बुलेंस से सीएचसी लाया गया। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार छात्र हेलमेट नहीं पहने हुए था। सिर में चोट लगने से छात्र की मौत हो गई।
सोहरामऊ थाना क्षेत्र के गांव रुदवारा निवासी पवन राजपूत (20) मंगलवार सुबह अजगैन कोतवाली क्षेत्र स्थित एसेंट कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की फीस जमा करने के लिए जा रहा था। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर राजस्थान रजिस्ट्रेशन संख्या के एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे के बाद घायल छात्र को एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई रविंद्र ने बताया कि पवन मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। दस दिन पहले ही वह गांव आया था और बीए प्रथम वर्ष का एडमिशन लिया था। मृतक छह भाइयों में सबसे छोटा था।
पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है
एक बहन विवाहित है। मां रामरानी और पिता छोटेलाल बेटे की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गए। एसओ कमल दुबे ने बताया कि मौके से कंटेनर को जब्त कर लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।