Black Money: विदेश में खपाई गई काली कमाई का चलेगा पता, देशभर में शुरू हुईं 36 फॉरेन एसेट्स इंटेलीजेंस यूनिट
आयकर विभाग ने कानपुर समेत देशभर में 36 फॉरेन एसेट्स इंटेलीजेंस यूनिट शुरू की है। यह यूनिट्स विदेश में होने वाले निवेश पर ही नजर रखेगी, जिसकी अभी केवल दिल्ली से निगरानी होती थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
काले धन पर नकेल कसने के लिए सरकार ने नई व्यवस्था शुरू कर दी है। काले धन से विदेश में संपत्ति खरीदने वाले या निवेश करने वालों पर शहर से भी निगरानी की जाएगी। इसके लिए शहर में आयकर विभाग ने फॉरेन एसेट्स इंटेलीजेंस यूनिट (एफएआईयू) बना दी है। जल्द ही अफसरों की नियुक्ति भी कर दी जाएगी। देशभर में इस तरह की 36 यूनिट बनाई गई हैं। ये यूनिट केवल विदेश में होने वाले लेनदेन की निगरानी करेंगी। इस यूनिट का काम बेनामी विंग की तरह होगा। शहर में बनी यूनिट का कार्यक्षेत्र उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड होगा।
विदेश में प्रापर्टी लेने वाले, इक्विटी, विदेशी शेयर बाजार में पैसा लगाने वाले, विदेशी कंपनी में निवेश करने वाले आदि इस यूनिट की जांच के दायरे में होंगे। अभी तक इस तरह के मामलों की जांच दिल्ली स्थित कार्यालय से होती थी। सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ सालों से देखा जा रहा कि लोग काली कमाई विदेश में खपा रहे हैं। खासकर शहर के पान मसाला कारोबारी। इसके चलते यहां भी यूनिट खोली गई है। यूनिट का कार्यालय आयकर निदेशालय में होगा। इसमें अपर आयकर निदेशक, दो डिप्टी डायरेक्टर के अलावा अन्य स्टाॅफ होगा।
इस तरह काम करेगी यूनिट
यूनिट के अफसर ब्लैक मनी एक्ट 2015 के तहत निगरानी करेंगे। 16 साल तक के पुराने मामलों की फाइल अफसर खोल सकेंगे। सूत्रों के अनुसार शिकायत के आधार पर, छापे के दौरान मिले इनपुट, मुखबिर की सूचना पर, देसी, विदेशी जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर अफसर कार्रवाई कर सकेंगे।