Jalaun: एसओ की हठधर्मिता...नहीं दी सिपाही को छुट्टी, उपचार न मिलने से पत्नी और नवजात की मौत, पढ़ें पूरा मामला
Jalaun News: रामपुरा थाना क्षेत्र में एसओ के हिटलरशाही रवैये ने सिपाही के पत्नी और नवजात की जान ले ली। दरअसल, सिपाही कई दिनों से अपनी पत्नी का प्रसव अच्छी जगह करवाने के लिए छुट्टी मांग रहा था। लेकिन एसओ ने छुट्टी नहीं दी और सिपाही की पत्नी को समय पर उपचार नहीं मिल सका।
विस्तार
जालौन जिले में उपचार न मिलने से एक सिपाही की पत्नी और नवजात की मौत हो गई। सिपाही ने छुट्टी की अर्जी दी थी, लेकिन वो स्वीकार नहीं हुई। इसके चलते वो गर्भवती पत्नी को अस्पताल नहीं ले जा सका और दोनों की मौत हो गई। सिपाही विकास वर्तमान ने थाना रामपुरा में तैनात था।
जानकारी के अनुसार, लगभग एक सप्ताह से सिपाही एसओ अर्जुन सिंह से गर्भवती पत्नी का प्रसव कराने का हवाला कर मिन्नतें करता रहा। एसओ ने हिटलरशाही रवैये के चलते सिपाही को छुट्टी नहीं दी। इसके चलते सिपाही की पत्नी को समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका।
इस कारण गर्भवती महिला व नवजात काल के मुंह में समा गए। सिपाही विकास ने बताया कि वो कई दिनों से एसओ से गर्भवती पत्नी का प्रसव अच्छी जगह कराने के लिए छुट्टी मांग रहा था। लेकिन एसओ साहब ने एक भी बात नहीं सुनी और छुट्टी देने से साफ मना कर दिया।
गर्भवती को आगरा के लिए रेफर कर दिया
बीते शुक्रवार को पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद स्वजन गांव के अस्पताल ले गए। यहां से उसे जिला अस्पताल मैनपुरी भेज दिया गया। मैनपुरी से गर्भवती को आगरा के लिए रेफर कर दिया, जहां जाते समय रास्ते मे जच्चा व बच्चा दोनों की मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक से की जा चुकी है शिकायत
अगर एसओ, रामपुरा अर्जुन सिंह छुट्टी दे देते, तो गर्भवती पत्नी का प्रसव कराने के लिए पहले ही बड़े शहर ले जाता। जो आज घटना घटी है, शायद नहीं घटती। सिपाही विकास के द्वारा एसओ रामपुरा अर्जुन सिंह के हिटलरशाही रवैये की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की जा चुकी है।