Kanpur: सिंगापुर की कंपनी बनाएगी मोबाइल और टैबलेट, गड़रियनपुरवा में बन रही है बहुउद्देशीय फ्लैटेड फैक्टरी
गड़रियनपुरवा में फ्लैटेड फैक्टरी बन रही है। यहां चमड़ा, रेडीमेड, होजरी इकाइयां भी लगेंगी। वहीं, शहर की पहली फ्लैटेड फैक्टरी दादानगर में बन रही, जिसमें सिर्फ होजरी उद्योग की यूनिटें लगेंगी।
विस्तार
कानपुर के गड़रियनपुरवा में शहर की पहली बहुउद्देशीय फ्लैटेड फैक्टरी बनाई जाएगी। इसमें सिंगापुर की मोबाइल कंपनी के मोबाइल और टैबलेट भी बनाए जाएंगे। शहर में पहली बार मोबाइल और टैबलेट का उत्पादन होगा। अभी तक प्रदेश में नोएडा में ही मोबाइल, टैबलेट की उत्पादन इकाइयां हैं।
इस फ्लैटेड फैक्टरी में 200 यूनिटों की स्थापना होगी, इसमें चमड़ा, रेडीमेड, होजरी और सेवा क्षेत्र की कंपनी के कार्यालय होंगे। फ्लैडेट फैक्टरी के प्रस्ताव पर इसी सप्ताह जिला स्तरीय कमेटी में मंजूरी मिलने की संभावना है। प्रदेश सरकारी की नई एमएसएमई नीति के तहत निजी क्षेत्र के प्रस्ताव पर इसे विकसित किया जाएगा।
सिया मेटल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने 120 करोड़ का प्रस्ताव दिया है। दो लाख 10 हजार स्कवायर मीटर क्षेत्र में यह फ्लैटेड फैक्टरी बननी है। भूतल के अलावा चार मंजिला इमारत होगी। इसमें प्रदूषण रहित उद्योगों की स्थापना की जाएगी। सिंगापुर की मोबाइल और टैबलेट बनाने वाली कंपनी ने यहां पर उत्पादन इकाई के लिए सहमति दी है।
फ्लैटेड फैक्टरी में लगेंगे अलग-अलग उद्योग
उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह अपनी तरह की पहली फ्लैटेड फैक्टरी होगी, इसमें अलग-अलग क्षेत्र के उद्योग लगेंगे। इसके जरिये प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर पांच हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
जिला स्तरीय कमेटी के प्रस्ताव पर होगी चर्चा
प्रोजेक्ट में सहायक इकाइयों के लिए और भारी उद्योग के लिए 10 प्लॉट भी होंगे। उन्होंने बताया कि यहां पर साफ्टवेयर, होजरी, चमड़ा, रेडीमेड के अलावा सेवा क्षेत्र की इकाइयां खुल सकेंगी। इसी सप्ताह जिला स्तरीय कमेटी में प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दादानगर में बन रही पहली फ्लैटेड फैक्टरी
शहर के दादानगर में पहली फ्लैटेड फैक्टरी के निर्माण का काम शुरू हो चुका है। 65 करोड़ से यूपीएसआईसी इसका निर्माण करवा रही है। यहां पर केवल होजरी की यूनिट लगेंगी। यूपीएसआईसी के अधीक्षण अभियंता प्रभात कुमार बाजपेई ने बताया कि 18 महीने में इमारत बनकर तैयार हो जाएगी।