Farrukhabad: शमीम हत्याकांड...वकील को भेजा जेल, माफिया के पक्ष में बनाया था फर्जी शपथ पत्र, पढ़े पूरा मामला
Farrukhabad News: 24 जुलाई 2023 को गवाह इदरीश कोर्ट में पेश हुआ। उसने बताया वह 12 जुलाई को समधन में मौजूद था। किसी ने उसके नाम से फर्जी शपथ पत्र तैयार करके भेजा है। उसके द्वारा शपथपत्र पर अंगूठा नहीं लगाया गया है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में शमीम हत्याकांड के मुकदमे में माफिया के पक्ष में गवाह का फर्जी शपथ पत्र तैयार करने में वकील को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तत्कालीन कोतवाल ने माफिया सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
तत्कालीन कोतवाल फतेहगढ़ ने मोहल्ला कसरट्टा निवासी माफिया बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे (वर्तमान में मथुरा जेल उम्रकैद की सजा में बंद), जनपद इटावा थाना इकदिल गांव मानिकपुर निवासी बालकिशन उर्फ शिशु, जनपद प्रयागराज निवासी वकील आरवी सिंह व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
इसमें आरोप लगाया कि वर्ष 1995 में जनपद कन्नौज कोतवाली गुरसहायगंज कस्बा समधन निवासी लकड़ी ठेकेदार की फतेहगढ़ में हत्या कर दी गई थी। मुकदमे में गवाह इदरीश है। प्रयागराज में गवाह इदरीश के नाम से फर्जी शपथ पत्र तैयार किया गया।
फर्जी शपथ पत्र तैयार करके भेजा है
वकील आरवी सिंह ने उसको नोटरी किया था। फर्जी शपथपत्र को डाक से कोर्ट में भेजा गया था। 24 जुलाई 2023 को गवाह इदरीश कोर्ट में पेश हुआ। उसने बताया वह 12 जुलाई को समधन में मौजूद था। किसी ने उसके नाम से फर्जी शपथ पत्र तैयार करके भेजा है।
वकील आरवी सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा
उसके द्वारा शपथपत्र पर अंगूठा नहीं लगाया गया है। शपथ पत्र के माध्यम से माफिया अनुपम दुबे, बालकिशन को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी वकील आरवी सिंह को गिरफ्तार कर रविवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।