SGST Raid: लोहा कारोबारी के गोदाम और दुकान पर छापा, बिलों में मिली गड़बड़ी, पांच लाख का जुर्माना
Kanpur News: लोहा कारोबारी के अफीम कोठी व फजलगंज की दुकान व गोदाम पर सात घंटे तक कार्रवाई चली। दस अफसरों की टीम ने देर शाम तक जांच की, जिसमें स्टॉक में भी फर्क मिला।
विस्तार
बिलों में गड़बड़ी के आरोप में लोहा कारोबारी प्रेमशंकर गुप्ता के कई प्रतिष्ठानों पर एसजीएसटी के दस अफसरों की टीम ने शुक्रवार को छापा मारा। दोपहर 12 बजे से लेकर देर शाम तक चली इस कार्रवाई में टीम ने सभी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। साथ ही स्टॉक में निर्धारित मात्रा में फर्क मिलने पर पांच लाख रुपये जुर्माने के तौर पर जमा कराया गया।
प्रेमशंकर की अफीम कोठी में लोहे के प्लेट बनाने की दुकान और गोदाम है। एक और गोदाम फजलगंज में भी है। इन सभी स्थानों पर एसजीएसटी को काफी दिनों से बिलों में गड़बड़ी की शिकायतें मिल रहीं थी। विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर सुषमा सिंह के नेतृत्व में करीब सात घंटे तक चली छापे की कार्रवाई में कई गड़बड़ी मिलने की जानकारी सामने आ रही है।
जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी
टीम को पहली बार स्टॉक की जांच में गड़बड़ी मिली है। इस वजह से उसे भी मौके पर ही सील कर दिया गया है, साथ ही जुर्माना भी वसूला गया। पूरी जांच के बाद यदि कमी पाई जाती है, तो जुर्माने की रकम और बढ़ सकती है। साथ ही बिलों में किस-किस तरह की गड़बड़ी है,जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल अधिकारी विस्तृत जांच में जुटे हैं।