Kannauj: आग का गोला बनी स्कूली वैन, बाल-बाल बचे 11 बच्चे, वायरिंग में स्पार्किंग के चलते हुआ हादसा
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में छुट्टी होने पर बच्चों को घर छोड़ने जा रही वैन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वैन धू-धूकर जलने लगी। हादसे में वैन में बैठे 11 बच्चे बाल-बाल बचे हैं।
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में स्कूल से छुट्टी होने पर बच्चों को छोड़ने जा रही स्कूली वैन रास्ते में आग का गोला बन गई। हादसे में वैन में सवार 11 स्कूली बच्चे बाल-बाल बच गए। वायरिंग में स्पार्किंग के चलते हादसा होने की बात सामने आई है।
बुधवार को ग्राम रामपुर निगोह स्थित मैथ माइंड एकेडमी की वैन छुट्टी होने पर छात्र-छात्राओं को छोड़ने के लिए जा रही थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही माधौनगर गांव के पास सिंहपुर चैराहे पर पहुंची, तभी अचानक मैजिक में बिछी वायरिंग में स्पार्किंग शुरू हो गई, जिससे आग लग गई।
गनीमत रही कि मैजिक में धुआं उठते ही बच्चों को नीचे उतार लिया गया था। आग का गोला बनी वैन को देखने के लिए आसपास के लोगों का मजमा लग गया। कुछ ही देर में वैन पूरी तरह से जल गई। सूचना पाकर पीटीओ रामबाबू दोहरे, विशुनगढ़ थानाध्यक्ष किशनपाल सिंह मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने स्कूल संचालक से हादसे की जानकारी ली। पीटीओ रामबाबू दोहरे ने बताया कि स्कूली वाहनों में मानकों की चेकिंग के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाएगा। बच्चों की सुरक्षा से कोई भी खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
पांच माह पहले मैजिक से वसूला गया था जुर्माना
पीटीओ रामबाबू दोहरे ने बताया कि इसी स्कूली वैन का फिटनेस न होने के कारण पिछले साल 14 सितंबर 2022 को उस पर कार्रवाई की गई थी। इसके बाद 30 हजार 500 रुपए का जुर्माना वसूल कर सभी जरूरी मानक पूरे कराए गए थे।
लापरवाही पर ड्राइवर का लाइसेंस होगा निरस्त
स्कूली वैन में धुआं उठने पर बच्चों ने गाड़ी रोकने के लिए ड्राइवर से कहा था लेकिन उसने नहीं सुनी। कुछ ही देर बाद वैन आग का गोला बन गई। पीटीओ ने बताया कि लापरवाही पर ड्राइवर का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।