Sawan 2023: मंगला गौरी व्रत के साथ सावन शुरू, शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़, गूंजा हर-हर महादेव का जयघोष
Kanpur News: मंदिरों और शिवालयों का वातावरण हर हर महादेव और बम बम भोले की गूंज से शिवमय हो गया है। अगले दो महीने भक्तगण महादेव की पूजा-अर्चना करेंगे। बाबा आनंदेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर, जागेश्वर मंदिर, नागेश्वर मंदिर, वनखंडेश्वर मंदिर समेत अन्य मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई है।
विस्तार
मंगला गौरी व्रत के साथ सावन की शुरूआत हो चुकी है। इस वर्ष 19 साल बाद ऐसा शुभ संयोग बना है कि भक्तों को पूरे आठ सोमवार बाबा की पूजा और आशीर्वाद प्राप्त करने का मौका मिलेगा। इस वर्ष सावन चार जुलाई से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगा।
सावन में भक्तों के दर्शनों को लेकर शहर के आनंदेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर, नागेश्वर मंदिर, जागेश्वर मंदिर, वनखंडेश्वर समेत शहर के अन्य मंदिरों में तैयारियां देर रात तक पूरी कर ली गई हैं। सभी मंदिरों में महिला और पुरुष की अलग-अलग लाइनें बैरिकेडिंग के जरिए बनाई गई हैं।
मंदिरों के खुलने का समय
- आनंदेश्वर मंदिर में सावन में प्रतिदिन सुबह चार बजे मंगला आरती के बाद भक्त बाबा के दर्शन कर सकते हैं, जबकि सोमवार को रविवार की देर रात 2 बजे पट भक्तों के लिए खोले जाएंगे।
- जागेश्वर मंदिर में सावन में प्रतिदिन सुबह चार बजे मंगला आरती होगी। इसके बाद भक्त दर्शन करेंगे। तो सोमवार को आरती व भोग सोमवार को भोर 3.45 बजे पट भक्तों के लिए खोले जाएंगे।
- सिद्धनाथ मंदिर में सावन के सोमवार को भक्तों के लिए मंदिर के पट भोर चार बजे से खोले जाएंगे। जबकि पूरे सावन में भक्तों के लिए मंदिर देर रात 12 बजे तक खुले रहेंगे।
- वनखंडेश्वर मंदिर में सावन के सोमवार को भोर तीन बजे से पट भक्तों के दर्शनों के लिए खुलेंगे। जबकि अन्य दिनों में सुबह पांच बजे मंगला आरती के बाद भक्तों के लिए पट खुलेंगे।
- नागेश्वर मंदिर में सावन के सोमवार को सुबह चार बजे से मंदिर के पट भक्तों के पूजन व दर्शनों के लिए खोलें जाएंगे। जबकि अन्य दिनों में मंदिर के पट सुबह पांच बजे मंगला आरती के बाद खुलेंगे।
श्रृंगार और रूद्राभिषेक के लिए इनसे करें संपर्क
- सावन में परमट मंदिर में श्रृंगार और रूद्राभिषेक के लिए भक्तगण आनंदेश्वर मंदिर में इच्छागिरि महाराज से 7704001008 पर संपर्क कर सकते हैं।
- नवाबगंज स्थित जागेश्वर मंदिर में श्रृंगार और रूद्राभिषेक के लिए भक्तगण श्री जागेश्वर महादेव प्रबंधक सभा के महामंत्री प्राण श्रीवास्तव से 8840479078 और उपमंत्री विजय पांडेय से 6386156566 पर संपर्क कर सकते हैं।
- जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ मंदिर में भक्त श्रृंगार और रूद्राभिषेक के लिए पुजारी मुन्नी लाल पाण्डेय से 9935539820 पर संपर्क कर सकते हैं।
- पीरोड स्थित वनखंडेश्वर मंदिर में श्रृंगार और रूद्राभिषेक के लिए भक्तगण वनखंडेश्वर मंदिर समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र दीक्षित से 9415405395 पर संपर्क कर सकते हैं।
ये रहेंगी व्यवस्थाएं
- परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर में पहली बार भक्तों को आनंदेश्वर कॉरिडोर में पार्किंग कर सकते हैं। जो सिविल लाइंस स्थित पेट्रोल पंप से प्ररंभ होगी। यहां पर भक्त अपनी कारें और बाइक को खड़ी करके बाबा के दर्शन को जा सकते हैं। पार्किंग निशुल्क रहेगी।
- नवाबगंज स्थित जागेश्वर मंदिर में जागेश्वर दंगल मैदान में पार्किंग होगी। जो मंदिर से 50 मीटर की दूरी पर है। पार्किंग पूरी तरह से निशुल्क रहेगी।
- जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ मंदिर में मंदिर के पीछे की तरफ भक्त पार्किंग कर सकते हैं। जबकि गलियों में भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
- पीरोड स्थित वनखंडेश्वर मंदिर में भक्तगण प्रेम नगर विद्यालय के पास अपनी बाइक और कारों को पार्किंग में खड़ा कर सकते हैं।
परेशानियों में इन मंत्रों का करें जाप
- ज्ञानवृद्धि, यश और ऐश्वर्य के लिए - ॐ ऐं नम: शिवाय।
- कोर्ट-कचहरी के मामलों में सफलता प्राप्ति के लिए मंत्र शिवलिंग के समक्ष 36 बार जाप करें- ॐ क्रीं नम: शिवाय क्रीं ॐ।
- सौभाग्य प्राप्ति के लिए भक्त इस मंत्र का 108 बार जाप करें तो उन्हें सौभाग्य की प्राप्ति होती है-- ॐ साम्ब सदाशिवाय नम:।।
- निरोगी जीवन के लिए मंत्र व अच्छी सेहत के लिए भक्तों को महामृत्युंजय का जाप अवश्य करना चाहिए-- ॐ हौं जूं सः
शिवालयों में कैमरों की नजर, खाकी के साए में दर्शन
सावन मंगलवार से शुरू हो रहे हैं। शहर के पांच बड़े मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। इन मंदिरों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इनमें परमट, नवाबगंज स्थित जागेश्वर मंदिर, सीसामऊ स्थित वनखंडेश्वर मंदिर, जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ मंदिर और शिवराजपुर स्थित खेरेश्वर मंदिर शामिल हैं। ज्वाइंट सीपी आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि मंदिरों में गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
परमट चौकी में बना कंट्रोल रूम
ज्वाइंट सीपी ने बताया कि परमट चौकी को कंट्रोल रूम में तबदील कर दिया गया है। वहां कोई न कोई अधिकारी मौजूद रहेगा। परमट में भक्तों के लिए प्रवेश और बाहर निकलने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। सभी मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था में 250 से ज्यादा पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
श्रद्धालुओं को समस्या हो, तो टोल फ्री नंबर पर करें शिकायत
कमिश्नरी पुलिस ने सावन पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए कानपुर की सीमाओं के भीतर रास्ते में अथवा मंदिर में आने वाली समस्याओं के निस्तारण को देखते हुए टोल फ्री नंबर व व्हाट्सअप नंबर जारी किए हैं। किसी भी समस्या के निस्तारण के लिए श्रद्धालु टोल फ्री नंबर 18001805121 व व्हाट्सअप नंबर 7839863157, 7839863451, 7839863242, 7839863247 व 7839863241 पर संपर्क कर सकते हैं।