Kanpur: हल्की बारिश से खुली दावों की पोल, हाथ में जूते लेकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे
Kanpur News: नरवल तहसील क्षेत्र में हल्की बारिश के बाद ही ग्रामीण इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आने लगी है। विकासखंड सरसौल के ग्राम नौगवां गौतम में नालियों की सफाई न होने से गलियों और मुख्य मार्गों पर पानी भर गया, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया।
विस्तार
कानपुर जिले की नरवल तहसील क्षेत्र में मानसून की महज हल्की सी बारिश ने ही स्थानीय प्रशासन और ग्राम पंचायत के जल निकासी के दावों की पोल खोलकर रख दी है। बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव की भयावह समस्या सिर उठाने लगी है।
नालियों की समय पर सफाई न होने और पानी की निकासी की कोई पुख्ता व्यवस्था न होने के कारण गांवों की गलियों से लेकर मुख्य मार्गों तक पर गंदा पानी भर गया है। स्थिति यह हो गई है कि लोगों का अपने घरों से बाहर निकलना तक बेहद दूभर हो गया है। ग्रामीणों में इस बदहाली को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
हाथ में जूते लेकर स्कूल जा रहे बच्चे
विकासखंड सरसौल के ग्राम नौगवा गौतम में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है। गांव निवासी रवि सैनी ने बताया कि मामूली बारिश के बाद ही गली में घुटनों तक गंदा पानी भर गया है। सबसे बुरी स्थिति मासूम स्कूली बच्चों की है, जिन्हें हर रोज सुबह जूते-चप्पल अपने हाथों में लेकर इस बदबूदार पानी और कीचड़ से होकर स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार यह सिर्फ मानसून के मौसम की समस्या नहीं है, बल्कि पूरे साल इस मुख्य गली की यही दुर्दशा बनी रहती है। नालियों की नियमित सफाई न होने की वजह से लोगों के घरों के ठीक बाहर हमेशा गंदा पानी और कीचड़ जमा रहता है।
फिसलन भरे रास्ते पर गिरकर चोटिल हो रहे लोग
यह रास्ता गांव का मुख्य मार्ग भी है, जिसके चलते दिनभर ग्रामीणों, महिलाओं और बुजुर्गों का यहां से आना-जाना लगा रहता है। रास्ते में जमा पानी और कीचड़ की वजह से फिसलन इतनी बढ़ गई है कि कई लोग व बाइक सवार फिसलकर गिर चुके हैं और गंभीर रूप से चोटिल हो चुके हैं।
इसके बावजूद न तो ग्राम पंचायत का कोई सफाईकर्मी इस ओर ध्यान दे रहा है और न ही संबंधित विभाग के अधिकारी इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए मौके पर पहुंच रहे हैं। अधिकारियों की इस अनदेखी से पूरा गांव नारकीय जीवन जीने को मजबूर है।
ग्रामीणों ने उठाई जल निकासी की मांग, बीमारियां फैलने का डर
गांव के जागरूक ग्रामीण रवि सैनी, मनोज गुप्ता, अनिल सैनी, छोटेलाल बेरिया, विनोद सविता और संजय बेरियान समेत तमाम ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व पंचायत विभाग के उच्च अधिकारियों से पुरजोर मांग की है कि बरसात का दौर तेज होने से पहले नालियों की समुचित सफाई कराई जाए और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।